यूपी बोर्ड परीक्षा 2027: छात्रों को शैक्षिक विवरण में सुधार का मौका, 12 नवंबर तक खुला रहेगा पोर्टल

नाम, माता-पिता के नाम, विषय, लिंग, जाति, माध्यम और फोटो में कर सकेंगे संशोधन; ऑफलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 16 नवंबर

यूपी बोर्ड परीक्षा 2027: छात्रों को शैक्षिक विवरण में सुधार का मौका, 12 नवंबर तक खुला रहेगा पोर्टल

प्रयागराज, 02 नवंबर । यूपी बोर्ड की वर्ष 2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं में शामिल होने वाले छात्र-छात्राओं के लिए राहत की खबर है। माध्यमिक शिक्षा परिषद ने विद्यार्थियों के शैक्षिक विवरण में दर्ज गलतियों को सुधारने का अवसर दिया है। इसके लिए दो नवंबर से 12 नवंबर 2026 की मध्यरात्रि 12 बजे तक परिषद की वेबसाइट पर ऑनलाइन पोर्टल खुला रहेगा। विद्यालयों के प्रधानाचार्य पोर्टल पर लॉगिन करके विद्यार्थियों के शैक्षिक विवरण में संशोधन और अद्यतन कर सकेंगे।

माध्यमिक शिक्षा परिषद के सचिव भगवती सिंह की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, विद्यार्थियों के विषय, वर्ग, नाम, माता-पिता के नाम की वर्तनी, लिंग, जाति, माध्यम (हिंदी अथवा अंग्रेजी) और फोटो में सुधार किया जा सकेगा। इसके अलावा कक्षा 11 के पंजीकरण में दर्ज हाईस्कूल के अनुक्रमांक में त्रुटि होने पर उसे भी संशोधित कराया जा सकेगा।

ऑफलाइन संशोधन के लिए 16 नवंबर तक देना होगा आवेदन

ऑनलाइन संशोधन के अलावा कुछ मामलों में ऑफलाइन आवेदन की भी व्यवस्था की गई है। विद्यार्थियों की जन्मतिथि में संशोधन, छात्र-छात्रा तथा माता-पिता के पूरे नाम में बदलाव और विद्यालय के नियमानुसार विद्यार्थियों के विवरण को डिलीट अथवा रिस्टोर करने से संबंधित प्रकरणों में प्रधानाचार्य आवश्यक अभिलेखों के साथ जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में 16 नवंबर तक आवेदन प्रस्तुत करेंगे।

समय सीमा के बाद नहीं मिलेगा मौका

सचिव भगवती सिंह ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद संशोधन के लिए कोई अतिरिक्त अवसर नहीं दिया जाएगा। उन्होंने संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों से कहा है कि वे विद्यार्थियों के शैक्षिक विवरणों की जांच कर समय रहते सभी त्रुटियों को ठीक करा दें, ताकि परीक्षा के दौरान छात्र-छात्राओं को किसी तरह की परेशानी न हो।

संशोधन से संबंधित जानकारी और समस्याओं के समाधान के लिए परिषद ने मेरठ, बरेली, प्रयागराज, वाराणसी और गोरखपुर स्थित क्षेत्रीय कार्यालयों के अधिकारियों के संपर्क नंबर भी जारी किए हैं। इसके अलावा परिषद मुख्यालय के उप सचिव से भी संपर्क किया जा सकता है। विद्यार्थियों और विद्यालयों को सलाह दी गई है कि वे निर्धारित समय सीमा का विशेष ध्यान रखें।