टिकट चेकिंग के दौरान टीटीई लगाएंगे बॉडी कैमरा, हर गतिविधि होगी रिकॉर्ड

टिकट चेकिंग के दौरान टीटीई लगाएंगे बॉडी कैमरा, हर गतिविधि होगी रिकॉर्ड

टिकट चेकिंग के दौरान टीटीई लगाएंगे बॉडी कैमरा, हर गतिविधि होगी रिकॉर्ड

प्रयागराज, 25 जुलाई । उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल ने यात्रियों की सुरक्षा और टिकट जांच प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाने के लिए नई पहल की है। अब टिकट चेकिंग कर्मचारी (टीटीई) ड्यूटी के दौरान बॉडी वॉर्न कैमरा(बॉडी कैमरा) पहनकर टिकट जांच करेंगे। यह जानकारी शनिवार को उमरे के जनसंपर्क अधिकारी अमित मालवीय ने दी।

मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल के नेतृत्व में 24 जुलाई से इस पायलट परियोजना की शुरुआत की गई है। पहले चरण में प्रयागराज एक्सप्रेस और श्रमशक्ति एक्सप्रेस में ड्यूटी करने वाले टिकट चेकिंग कर्मचारियों को ये कैमरे दिए गए हैं। योजना सफल रहने पर इसे अन्य ट्रेनों में भी लागू किया जाएगा।

ये कैमरे टिकट जांच के दौरान होने वाली हर गतिविधि की वीडियो और ऑडियो रिकॉर्डिंग करेंगे। इनमें एचडी रिकॉर्डिंग, नाइट विजन, लंबी बैटरी और रिकॉर्डिंग से छेड़छाड़ रोकने जैसी आधुनिक सुविधाएं हैं।

रेलवे का कहना है कि इससे यात्रियों और टीटीई के बीच होने वाले विवादों की सच्चाई आसानी से सामने आ सकेगी। फर्जी शिकायतों पर रोक लगेगी और शिकायतों का निष्पक्ष व जल्द निस्तारण हो सकेगा। यदि किसी यात्री या कर्मचारी के साथ अभद्रता या मारपीट की घटना होती है, तो कैमरे की रिकॉर्डिंग महत्वपूर्ण साक्ष्य का काम करेगी।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस व्यवस्था से टिकट जांच में पारदर्शिता बढ़ेगी, यात्रियों और कर्मचारियों दोनों की सुरक्षा मजबूत होगी तथा रेलवे के प्रति लोगों का भरोसा और बढ़ेगा। साथ ही जरूरत पड़ने पर रिकॉर्डिंग का उपयोग रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और अन्य जांच एजेंसियां भी कर सकेंगी।