राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय में नशा मुक्त भारत अभियान पखवाड़ा शुरू

व्याख्यान, नुक्कड़ नाटक, योग और स्लोगन प्रतियोगिता समेत होंगे 12 कार्यक्रम, 15 अगस्त को विजेताओं का सम्मान

राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय में नशा मुक्त भारत अभियान पखवाड़ा शुरू

प्रयागराज, 25 जुलाई । उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय में शनिवार 25 जुलाई से 15 अगस्त तक नशा मुक्त भारत अभियान पखवाड़ा आयोजित किया जा रहा है। राज्यपाल सचिवालय के निर्देश पर शुरू किए गए इस अभियान का उद्देश्य युवाओं और समाज को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और नशामुक्त समाज का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सत्यकाम ने बताया कि अभियान के तहत 12 अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें विश्वविद्यालय के निदेशक, अधिकारी, शिक्षक, परामर्शदाता, कर्मचारी और शोध छात्र सक्रिय रूप से भाग लेंगे।

विश्वविद्यालय के जनसंपर्क अधिकारी डॉ. प्रभात चंद्र मिश्र ने बताया कि अभियान की निगरानी के लिए शिक्षा विद्याशाखा के प्रो. पीके पांडेय के संयोजकत्व में समिति गठित की गई है। अभियान की शुरुआत 24 जुलाई को नशामुक्ति से संबंधित वृत्तचित्र और फिल्म प्रदर्शन तथा सामूहिक प्रतिज्ञा के साथ हुई।

उन्होंने बताया कि एक अगस्त को शिक्षा विद्याशाखा की ओर से नशामुक्ति विषय पर व्याख्यान और दो अगस्त को विज्ञान विद्याशाखा की ओर से वेबिनार आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा 27 जुलाई से 14 अगस्त के बीच भाषण प्रतियोगिता, स्लोगन लेखन, पैदल मार्च, स्वच्छता अभियान, पौधरोपण, नुक्कड़ नाटक, नाटक प्रतियोगिता, जागरूकता सभाएं और योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

नशामुक्ति अभियान के तहत विश्वविद्यालय के गोद लिए गांवों में भी जागरूकता कार्यक्रम किए जाएंगे। स्वास्थ्य विज्ञान विद्याशाखा की ओर से नियमित रूप से योग कार्यक्रम आयोजित होंगे। अभियान में शोध छात्रों को भी अलग-अलग कार्यक्रमों की जिम्मेदारी दी गई है।

डॉ. प्रभात चंद्र मिश्र ने बताया कि पखवाड़े के दौरान आयोजित सभी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह में कुलपति प्रो. सत्यकाम प्रमाण-पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित करेंगे। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का प्रयास है कि नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश केवल परिसर तक सीमित न रहे, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचे।

कुलपति प्रो. सत्यकाम ने विद्यार्थियों, शिक्षकों, कर्मचारियों और आम लोगों से नशामुक्त भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने में सहयोग करने की अपील की है।