प्रयागराज समेत पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक और बारिश का अलर्ट, किसानों को सतर्क रहने की सलाह
प्रयागराज समेत पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक और बारिश का अलर्ट, किसानों को सतर्क रहने की सलाह
प्रयागराज, 16 जुलाई । आगामी कुछ घंटों के दौरान प्रयागराज सहित पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली और बारिश की संभावना है। यह पूर्वानुमान गुरुवार को भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ ने चेतावनी जारी की है।
प्रयागराज सहित कुछ स्थानों पर 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि रायबरेली, अमेठी, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, हरदोई और सीतापुर में 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ मध्यम से भारी बारिश की संभावना व्यक्त की गई है।
मौसम विभाग के जारी अलर्ट के मुताबिक प्रयागराज, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, प्रतापगढ़, कौशांबी, फतेहपुर, जौनपुर, गाजीपुर, भदोही समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और अनावश्यक रूप से खुले स्थानों में जाने से बचने की अपील की है।
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) कानपुर के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस. एन. सुनील पांडेय ने बताया कि मानसूनी गतिविधियां फिलहाल सक्रिय बनी हुई हैं, जिसके चलते पूर्वी एवं मध्य उत्तर प्रदेश के अनेक जिलों में रुक-रुक कर वर्षा, तेज हवाएं और गरज-चमक की स्थिति बनी रह सकती है।
उन्होंने किसानों को सलाह दी कि वे मौसम पूर्वानुमान को देखते हुए खेतों में सिंचाई, उर्वरक एवं कीटनाशक का छिड़काव फिलहाल टाल दें। बिजली चमकने के दौरान पेड़ों के नीचे या खुले खेतों में न रुकें तथा पशुओं को भी सुरक्षित स्थान पर रखें।
डॉ. पांडेय ने कहा कि लगातार बदलते मौसम को देखते हुए किसान और आमजन मौसम विभाग की ताजा चेतावनियों पर नजर रखें और आवश्यक सावधानी बरतें।
---------------