17 सितंबर से शुरू होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’, स्वतंत्र देव सिंह बोले- विकसित भारत-2047 में जनभागीदारी होगी अहम

प्रयागराज में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले अभियान में सेवा, सुशासन, स्वच्छता, रक्तदान, वृक्षारोपण, स्वास्थ्य जांच और जल संरक्षण समेत कई कार्यक्रम होंगे। 17 सितंबर को घर-घर ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाने की तैयारी है।

17 सितंबर से शुरू होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’, स्वतंत्र देव सिंह बोले- विकसित भारत-2047 में जनभागीदारी होगी अहम

प्रयागराज, 14 सितंबर । सेवा संकल्प अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनसेवा और सुशासन को जन-जन तक पहुंचाने का व्यापक अभियान है। इसके माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के निरंतर सेवा काल में हुए विकास और जनकल्याणकारी कार्यों की जानकारी प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाने के साथ विकसित भारत-2047 के निर्माण में जनभागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। यह बातें सोमवार सर्किट हाउस में आयोजित बैठक में प्रयागराज के प्रभारी मंत्री एवं जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहीं।

प्रभारी मंत्री ने 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और जनपद स्तरीय अधिकारियों से कहा कि अभियान के कार्यक्रमों को केवल औपचारिकता तक सीमित न रखा जाए। इसमें जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संगठनों, युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों और आम नागरिकों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जाए। ग्राम पंचायत से जिला स्तर तक कार्यक्रमों की प्रभावी निगरानी भी की जाए।

उन्होंने बताया कि एक महीने तक चलने वाले अभियान में प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सेवा काल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाया जाएगा और प्रत्येक नागरिक को विकसित भारत-2047 के राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ा जाएगा।

विभिन्न कार्यक्रमों से जुड़ेगा जन-जन

अभियान के तहत‘आशीर्वाद का दीया’, ‘मेरे सपनों का भारत’, ‘नमो सेवा गाथा’, ‘आंगन मिलन सेवा’, ‘सेवा की कहानी’, ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सेवा सेतु अभियान’, ‘सेवा के रंग राष्ट्र के संग’, ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ और ‘सुशासन सेवा संवाद’** सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इन कार्यक्रमों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी, लाभार्थियों के अनुभव, सेवा गतिविधियों, नवाचार और विकसित भारत-2047 के संकल्प को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाया जाएगा।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में श्रमदान, रक्तदान, स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, स्वास्थ्य जांच, जल संरक्षण, गौशाला और अमृत सरोवर में सेवा कार्य सहित विभिन्न जनोपयोगी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। महिला स्वास्थ्य एवं पोषण जागरूकता तथा दिव्यांगजन सहयोग के कार्यक्रम भी होंगे।

17 सितंबर को घर-घर जलेगा ‘आशीर्वाद का दीया’

स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत पूरे जिले में व्यापक स्तर पर दीप प्रज्ज्वलित किए जाएं। उन्होंने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को सरकारी भवनों, कार्यालयों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर दीप जलाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को भी अभियान से जोड़ा जाए और उनके घरों पर दीप प्रज्ज्वलित कराया जाए। ‘आशीर्वाद का दीया’ केवल प्रकाश का प्रतीक नहीं, बल्कि जनसेवा, विकास, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के संकल्प का प्रतीक होगा। उन्होंने सभी से इस जनभागीदारी अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।

बैठक में मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, सांसद फूलपुर प्रवीण पटेल, विधायक फूलपुर दीपक पटेल, विधायक फाफामऊ गुरु प्रसाद मौर्य, विधायक कोरांव राजमणि कोल, विधायक करछना पीयूष रंजन निषाद, विधायक शहर उत्तर हर्षवर्धन वाजपेयी, विधायक शहर पश्चिम सिद्धार्थ नाथ सिंह, महापौर उमेश चंद्र गणेश केसरवानी, विधान परिषद सदस्य सुरेंद्र चौधरी, महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, गंगा पार जिलाध्यक्ष निर्मला पासवान और यमुना पार जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला, इसके साथ ही जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा, प्रयागराज विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ऋषिराज, मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह, जिला विकास अधिकारी जीपी कुशवाहा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।