पीएम सूर्य घर योजना को गति देने में जुटा प्रयागराज, 25,452 सौर संयंत्र स्थापित
पीएम सूर्य घर योजना को गति देने में जुटा प्रयागराज, 25,452 सौर संयंत्र स्थापित
प्रयागराज, 25 अगस्तप्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत प्रयागराज में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए तेजी से कार्य किया जा रहा है। जिले में योजना के तहत अब तक 35,345 आवेदन पत्र प्राप्त हुए हैं। इनमें से 25,452 लाभार्थियों के घरों में सौर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं। वहीं, 22,363 लाभार्थियों के खातों में सब्सिडी की धनराशि भी भेजी जा चुकी है।
योजना को और गति देने के लिए विभागीय स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। हालांकि, पिछले करीब 20 दिनों से स्मार्ट मीटर की उपलब्धता प्रभावित होने के कारण कुछ स्थानों पर सौर संयंत्रों की स्थापना का कार्य प्रभावित हो रहा है। स्मार्ट मीटर उपलब्ध नहीं होने से संयंत्र स्थापित करने की प्रक्रिया पूरी करने में परेशानी आ रही है। इससे योजना की प्रगति पर भी प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका है।
इस संबंध में जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता को स्मार्ट मीटर की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। विभाग की ओर से भी समस्या के समाधान के लिए प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ समय से मिल सके और सौर ऊर्जा के क्षेत्र में जिले की प्रगति बनी रहे।
अतिरिक्त सौंदर्य ऊर्जा, नेडा की नोडल अधिकारी कोमिल द्विवेदी ने बताया कि योजना के तहत जिन वेंडरों को वर्क ऑर्डर मिल रहे हैं, वे अपनी क्षमता के अनुसार पूरी तत्परता के साथ कार्य कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि बड़ी संख्या में सौर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं और लाभार्थियों को सब्सिडी का लाभ भी मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर की उपलब्धता होने पर लंबित कार्यों में तेजी आएगी। विभाग का प्रयास है कि अधिक से अधिक पात्र परिवारों को पीएम सूर्य घर योजना का लाभ मिले और जिले में स्वच्छ एवं सस्ती सौर ऊर्जा को बढ़ावा दिया जा सके।