प्रयागराज में निर्माणाधीन नगर निगम कार्यालय का पोर्च गिरा, मलबे में दबकर 45 वर्षीय व्यक्ति की मौत
खसरा निकलवाने जोनल कार्यालय पहुंचे थे मोहम्मद खुर्शीद, अचानक गिरा पोर्च का मलबा; अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
प्रयागराज, 08 अक्टूबर । उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित खुल्दाबाद थाना क्षेत्र के नगर निगम के जोनल कार्यालय परिसर में गुरुवार को निर्माणाधीन बिल्डिंग का पोर्च (बरांडा) गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने हादसे में मृत व्यक्ति का शव कब्जे में लेकर कार्रवाई कर रही है।
पुलिस उपायुक्त नगर सागर जैन ने बताया कि हादसे में करेली थाना क्षेत्र के जेके आशियाना मोहल्ला निवासी मोहम्मद खुर्शीद (45) की मौत हुई है। पूछताछ के दौरान जानकारी मिली कि मृतक ने तेलियरगंज स्थित कम्प्यूटर से संबंधित दुकान खोल रखी थी। गुरुवार को वह घर से दुकान जाने के लिए निकला। इसी दौरान वह खसरा निकलवाने के लिए नगर निगम के जोनल कार्यालय खुल्दाबाद चला गया। जहां निर्माणाधीन बिल्डिंग का पोर्च अचानक टूटकर मलवा उसके सिर पर आ गिरा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने घायल को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले गयी। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
डीसीपी ने बताया कि पुलिस टीम में जांच के दौरान उसके परिजनों को खबर दी। पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।