प्रयागराज-मीरजापुर से दिल्ली जाना होगा आसान, शकूरबस्ती तक बढ़ाई गईं 2 स्पेशल ट्रेनें

उत्तर मध्य रेलवे ने प्रयागराज-दादरी और नारायणपुर बाजार-दादरी स्पेशल ट्रेनों का किया विस्तार; त्योहारों के दौरान यात्रियों को मिलेगी सुविधा, जानें रूट और समय-सारिणी।

प्रयागराज-मीरजापुर से दिल्ली जाना होगा आसान, शकूरबस्ती तक बढ़ाई गईं 2 स्पेशल ट्रेनें

प्रयागराज, 16 अक्टूबर । प्रयागराज और मीरजापुर से दिल्ली एवं राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) की यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए राहत की खबर है। उत्तर मध्य रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए प्रयागराज-दादरी और नारायणपुर बाजार-दादरी स्पेशल ट्रेनों का विस्तार दिल्ली के शकूरबस्ती स्टेशन तक कर दिया है। इससे पूर्वी उत्तर प्रदेश के यात्रियों को दिल्ली क्षेत्र तक पहुंचने के लिए बेहतर रेल संपर्क मिलेगा। प्रयागराज, मिर्जापुर, चुपुर, इटावा और अलीगढ़ सहित विभिन्न क्षेत्रों से दिल्ली जाने वाले यात्रियों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और नौकरीपेशा लोगों को इसका लाभ मिलेगा।

रेलवे प्रशासन के निर्णय के अनुसार, गाड़ी संख्या 02417/02418 प्रयागराज-दादरी-प्रयागराज स्पेशल और 04163/04164 नारायणपुर बाजार-दादरी-नारायणपुर बाजार स्पेशल का प्रारंभिक एवं अंतिम स्टेशन दादरी के स्थान पर शकूरबस्ती कर दिया गया है। इससे यात्रियों को पश्चिमी दिल्ली तक सीधी रेल सुविधा मिलेगी। दादरी में यात्रा समाप्त होने के बाद दिल्ली पहुंचने के लिए बस, कैब या मेट्रो जैसे दूसरे साधनों का सहारा लेने की जरूरत भी कम होगी।

त्योहारों में यात्रियों को मिलेगी सुविधा

त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए इन विशेष ट्रेनों का संचालन निर्धारित अवधि में किया जा रहा है। प्रयागराज-शकूरबस्ती स्पेशल 15 अक्टूबर से 14 दिसंबर तक सप्ताह में चार दिन चलेगी। वहीं, शकूरबस्ती-प्रयागराज स्पेशल 17 अक्टूबर से 17 दिसंबर तक सप्ताह में चार दिन संचालित होगी।

इसी तरह नारायणपुर बाजार-शकूरबस्ती स्पेशल 17 अक्टूबर से 16 दिसंबर तक सप्ताह में तीन दिन और शकूरबस्ती-नारायणपुर बाजार स्पेशल 16 अक्टूबर से 15 दिसंबर तक सप्ताह में तीन दिन चलेगी। रेलवे की इस व्यवस्था से मिर्जापुर, चुनार और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को भी दिल्ली तक सीधी रेल सुविधा मिलेगी।

21 कोच से लैस होंगी ट्रेनें

इन स्पेशल ट्रेनों में कुल 21 कोच लगाए गए हैं। इनमें दो एसएलआर/डी, पांच सामान्य श्रेणी, 10 स्लीपर, तीन एसी तृतीय श्रेणी और एक एसी प्रथम सह द्वितीय श्रेणी का कोच शामिल है। इससे अलग-अलग श्रेणियों में यात्रा करने वाले यात्रियों को अपनी सुविधा के अनुसार विकल्प मिलेंगे।

प्रयागराज से रात नौ बजे रवाना होगी ट्रेन

गाड़ी संख्या 02417 प्रयागराज-शकूरबस्ती स्पेशल प्रयागराज से रात 9 बजे रवाना होकर भरवारी, सिराथू, फतेहपुर, बिंदकी रोड, कानपुर सेंट्रल, फफूंद, इटावा, शिकोहाबाद, टूंडला, हाथरस, अलीगढ़, खुर्जा, दादरी, गाजियाबाद और नई दिल्ली होते हुए अगले दिन सुबह 10:05 बजे शकूरबस्ती पहुंचेगी।

वापसी में गाड़ी संख्या 02418 शकूरबस्ती-प्रयागराज स्पेशल रात 9:30 बजे शकूरबस्ती से रवाना होकर नई दिल्ली, गाजियाबाद, दादरी, खुर्जा, अलीगढ़, हाथरस, टूंडला, शिकोहाबाद, इटावा, फफूंद और कानपुर सेंट्रल सहित निर्धारित स्टेशनों पर रुकते हुए अगले दिन सुबह 9:15 बजे प्रयागराज पहुंचेगी।

नारायणपुर बाजार से भी मिलेगी सीधी सुविधा

गाड़ी संख्या 04163 नारायणपुर बाजार-शकूरबस्ती स्पेशल नारायणपुर बाजार से शाम 6 बजे रवाना होगी। यह चुनार, मिर्जापुर, मेजारोड और प्रयागराज होते हुए निर्धारित मार्ग से अगले दिन सुबह 10:05 बजे शकूरबस्ती पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 04164 शकूरबस्ती-नारायणपुर बाजार स्पेशल रात 9:30 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 9:15 बजे प्रयागराज और दोपहर 12:25 बजे नारायणपुर बाजार पहुंचेगी।

दिल्ली के साथ हरियाणा के लिए भी उपयोगी संपर्क

शकूरबस्ती स्टेशन रोहतक, बहादुरगढ़, भिवानी और जींद की ओर जाने वाले रेल मार्ग से जुड़ा महत्वपूर्ण स्टेशन है। यहां तक ट्रेनों के विस्तार से यात्रियों को दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में आगे की यात्रा करने में सुविधा मिलेगी। इससे उत्तर प्रदेश के प्रमुख कृषि एवं व्यापारिक क्षेत्रों का पश्चिमी दिल्ली और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों से संपर्क भी मजबूत होगा।

बाेले जनसंपर्क अधिकारीउत्तर मध्य रेलवे जनसंपर्क अधिकारी अमित मालवीय ने कहा कि “यात्रियों की सुविधा और बेहतर रेल संपर्क उपलब्ध कराना रेलवे की प्राथमिकता है। प्रयागराज-दादरी और नारायणपुर बाजार-दादरी स्पेशल ट्रेनों का शकूरबस्ती तक विस्तार होने से पूर्वी उत्तर प्रदेश के यात्रियों को दिल्ली क्षेत्र तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी। त्योहारों के दौरान भी यह व्यवस्था यात्रियों के लिए उपयोगी होगी। यात्री ट्रेनों की समय-सारिणी, यात्रा संबंधी जानकारी और टिकट बुकिंग के लिए रेलवन (RailOne) ऐप का उपयोग कर सकते हैं।”