प्रयागराज में ज्वेलरी शॉप चोरी का खुलासा, 4 आरोपी गिरफ्तार; 22 लाख के आभूषण बरामद
सराय इनायत पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में सोने-चांदी के आभूषण और नकदी बरामद, कई अन्य चोरी की घटनाओं से भी जुड़े तार
प्रयागराज, 23 जुलाई । प्रयागराज जिले में स्थित सराय इनायत थाने की पुलिस टीम गुरुवार को ज्वेलरी शॉप में हुई चोरी का खुलासा करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने आरोपितों के कब्जे से लगभग 22 लाख रुपये के आभूषण एवं बिक्री से प्राप्त नकदी बरामद किया है। यह जानकारी पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने दी।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों में शाहजहाँपुर जनपद के निगोही थाना क्षेत्र के ईसापुर गांव निवासी प्रीतम सिंह पुत्र भिखारी सिंह, उक्त थाना क्षेत्र के ही मिल्किया गांव निवासी सुरेन्द्र सिंह पुत्र सुरेश सिंह, उपरोक्त जिले के ही डन्डा थाना क्षेत्र के लक्ष्मनपुर गांव निवासी ओमपाल सिंह उर्फ लादू पुत्र हंसराज सिंह और बाराबंकी जनपद के दरियाबाद थाना एवं गांव निवासी ब्रजेश कुमार सोनी पुत्र स्व0 छोटेलाल सोनी है ।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों के कब्जे से 281.5 ग्राम पीली धातु (सोने) के आभूषण, 2935 ग्राम सफेद धातु (चांदी) के आभूषण तथा आभूषण बेचने से प्राप्त 13,300 रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब 22 लाख रुपये बताई गई है।
उल्लेखनीय है कि 9 जुलाई 2026 को सरायइनायत थाना क्षेत्र के अन्दावा स्थित एक आभूषण की दुकान से अज्ञात चोरों ने सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए थे। इस मामले में थाना सरायइनायत पर मुकदमा दर्ज कर घटना के खुलासे के लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया था।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे सुनसान क्षेत्रों में स्थित ज्वेलरी दुकानों और बंद मकानों के ताले व शटर तोड़कर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। चोरी के आभूषणों को बाजार मूल्य से काफी कम कीमत पर ब्रजेश कुमार सोनी को बेच दिया जाता था। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपितों का संबंध होलागढ़ और हंडिया थाना क्षेत्रों में दर्ज चोरी की घटनाओं से भी है, जिनकी जांच जारी है।
गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर सरायइनायत थाने में दर्ज मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोत्तरी करते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई को एसओजी एवं सर्विलांस सेल प्रभारी उपनिरीक्षक सुखचैन तिवारी तथा थाना सरायइनायत की पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से अंजाम दिया। पुलिस अधिकारियों ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी इसी तरह प्रभावी ढंग से जारी रहेगा।