गांधी जयंती पर DM मनीष कुमार वर्मा का अधिकारियों-कर्मचारियों को संदेश, बोले- ईमानदारी और संवेदनशीलता से निभाएं जिम्मेदारी

प्रयागराज कलेक्ट्रेट में राष्ट्रीय ध्वज फहराने के बाद जिलाधिकारी ने गांधी और शास्त्री के सिद्धांतों को जीवन में अपनाने तथा जनता की समस्याओं का संवेदनशीलता से समाधान करने का आह्वान किया।

गांधी जयंती पर DM मनीष कुमार वर्मा का अधिकारियों-कर्मचारियों को संदेश, बोले- ईमानदारी और संवेदनशीलता से निभाएं जिम्मेदारी

प्रयागराज, 02 अक्टूबर । महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के सिद्धांतों को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए। अधिकारी और कर्मचारी ईमानदारी, निष्ठा एवं लगन से अपने दायित्वों का निर्वहन करें और लोगों की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान करें। उक्त बात शुक्रवार को महात्मा गांधी के जन्म दिवस पर कलेक्ट्रेट परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराने के बाद जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने कही। उन्होंने कहा कि हम दूसरों से जो अपेक्षा करते हैं, उसकी शुरुआत स्वयं से करनी चाहिए और जो कहें, उसे अपने आचरण में भी उतारें।

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने इसके बाद गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। संगम सभागार में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्व. लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

जिलाधिकारी ने कहा कि महात्मा गांधी ने सामाजिक और व्यक्तिगत जीवन में जिन सिद्धांतों को अपनाया, उनसे सभी को प्रेरणा लेनी चाहिए। उनके आदर्श, जीवनशैली और कार्यों से सीख लेकर अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा से पालन करना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से अपने कार्यालय, आवास तथा आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने का भी आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि दूसरों के दुख-दर्द को समझना और जरूरतमंदों की सहायता करना हमारी जिम्मेदारी है। अपने दायित्वों का निर्वहन केवल औपचारिकता के रूप में नहीं, बल्कि सेवा भाव के साथ करना चाहिए। महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेकर समाज और देश के प्रति अपने कर्तव्यों को बेहतर ढंग से निभाया जा सकता है।

पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को याद करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि शास्त्री जी ने अपने जीवन में ‘सादा जीवन, उच्च विचार’ के सिद्धांत का पालन किया। उनका जीवन ईमानदारी, सादगी और समर्पण की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि निरंतर मेहनत और समर्पण के साथ बड़े से बड़े लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व, अपर जिलाधिकारी आपूर्ति, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे, मुख्य राजस्व अधिकारी, अपर जिलाधिकारी नजूल, नगर मजिस्ट्रेट, अपर नगर मजिस्ट्रेट सहित कलेक्ट्रेट के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।