प्रयागराज में जल संरक्षण को लेकर किसानों को किया जागरूक, K.K. सिंह बोले- संरचनाओं की नियमित देखरेख जरूरी

कोरांव में रिफॉर्म उत्सव के दौरान वाटरशेड कार्यों की उपयोगिता पर चर्चा हुई। किसानों से जल संरक्षण संरचनाओं की समय-समय पर मरम्मत और रखरखाव करने की अपील की गई।

प्रयागराज में जल संरक्षण को लेकर किसानों को किया जागरूक, K.K. सिंह बोले- संरचनाओं की नियमित देखरेख जरूरी

प्रयागराज, 02 अक्टूबर। जल संरक्षण एवं वाटरशेड के तहत तैयार की गई संरचनाओं की नियमित देखरेख और आवश्यकता के अनुसार मरम्मत जरूरी है। इससे इनका लंबे समय तक लाभ लिया जा सकेगा और ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। उक्त बात शुक्रवार को गांधी जयंती के अवसर पर शुक्रवार को कोरांव स्थित रिद्धि-सिद्धि उत्सव स्थल में स्टॉल लगाकर डब्ल्यूडीसी-पीएमकेएसवाई 2.0 योजना के अंतर्गत रिफॉर्म उत्सव के मौके पर भूमि संरक्षण अधिकारी प्रयागराज के.के. सिंह ने कहा ।

उन्होंने कहा कि योजनाओं की सफलता में किसानों, जनप्रतिनिधियों और स्वयं सहायता समूहों की सक्रिय भागीदारी महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम की अध्यक्षता बरहुला खुर्द वाटरशेड समिति के अध्यक्ष जगदीश प्रसाद सिंह और रामपुर कला वाटरशेड समिति के अध्यक्ष चिंतामणि यादव ने की।

कार्यक्रम में डब्ल्यूडीसी योजना के तहत कराए गए विभिन्न जल संरक्षण एवं वाटरशेड कार्यों की उपयोगिता और ग्रामीण क्षेत्रों पर उनके प्रभाव पर चर्चा की गई। बरहुला खुर्द के ग्राम प्रधान ने योजना के अंतर्गत कराए गए कार्यों की जानकारी दी। किसानों से इन संरचनाओं की नियमित देखरेख करने और जरूरत पड़ने पर उनकी मरम्मत कराने का आग्रह किया गया।

रामपुर कला के ग्राम प्रधान ने योजना के तहत कराए गए कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण से जुड़े ऐसे कार्यों को भविष्य में भी आगे बढ़ाया जाना चाहिए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों को इसका निरंतर लाभ मिल सके। कार्यक्रम के अंत में भूमि संरक्षण अधिकारी प्रयागराज केके सिंह ने जनप्रतिनिधियों, किसानों और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं का आभार व्यक्त किया। इसके बाद कार्यक्रम के समापन की घोषणा की गई।

इस अवसर पर योजना के लाभार्थी पुरुष एवं महिला किसान, स्वयं सहायता समूह की लाभान्वित महिलाएं तथा विभागीय अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। भूमि संरक्षण अधिकारी फूलपुर कार्यालय के वरिष्ठ प्राविधिक सहायक ग्रुप-ए आदित्य शेखर द्विवेदी सहित अन्य कर्मचारी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।