प्रयागराज: दीपावली और छठ पर चलेंगी कई स्पेशल ट्रेनें, यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत

मालदा टाउन-शकूरबस्ती, मुंबई-मुजफ्फरपुर, गया-दिल्ली समेत कई विशेष ट्रेनें प्रयागराज होकर गुजरेंगी

प्रयागराज: दीपावली और छठ पर चलेंगी कई स्पेशल ट्रेनें, यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत

प्रयागराज, 04 नवंबर । दीपावली और छठ पर्व पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने कई विशेष ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है। इनमें कुछ ट्रेनें प्रयागराज छिवकी और प्रयागराज जंक्शन से होकर गुजरेंगी, जबकि कई ट्रेनों का ठहराव सूबेदारगंज और पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर भी होगा। इन ट्रेनों के संचालन से त्योहार के दौरान घर जाने और वापस लौटने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी।

उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अमित मालवीय ने बताया कि त्योहारों पर यात्रियों की सुविधा के लिए अलग-अलग मार्गों पर विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं। इनका संचालन निर्धारित तिथियों और समय-सारणी के अनुसार होगा। यात्रियों को यात्रा से पहले ट्रेन के समय और ठहराव की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लेनी चाहिए।

मालदा टाउन-शकूरबस्ती विशेष ट्रेन

गाड़ी संख्या 03439 मालदा टाउन-शकूरबस्ती विशेष ट्रेन 10 नवंबर को मालदा टाउन से एक फेरा लगाएगी। यह सुबह 10 बजे रवाना होकर अगले दिन रात 11:45 बजे पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पहुंचेगी। इसके बाद सूबेदारगंज में सुबह 3:10 से 3:15 बजे तक ठहरकर गोविंदपुरी, टूंडला और दिल्ली होते हुए शाम पांच बजे शकूरबस्ती पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 03440 शकूरबस्ती-मालदा टाउन विशेष ट्रेन 11 नवंबर को शाम 6:50 बजे रवाना होगी। यह अगले दिन सुबह 4:30 से 4:35 बजे तक सूबेदारगंज और सुबह 9:40 से 9:50 बजे तक पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर रुकेगी। ट्रेन 12 नवंबर को रात 1:45 बजे मालदा टाउन पहुंचेगी। इसमें एसी तृतीय श्रेणी के छह, स्लीपर के आठ, सामान्य श्रेणी के छह और दो एसएलआर सहित कुल 22 कोच होंगे।

मुंबई-मुजफ्फरपुर विशेष ट्रेन

गाड़ी संख्या 01081 छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस-मुजफ्फरपुर विशेष ट्रेन 6 और 10 नवंबर को मुंबई से चलेगी। यह प्रयागराज छिवकी स्टेशन पर अगले दिन सुबह 3:40 से 3:45 बजे तक रुकेगी। इसके बाद पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन होते हुए मुजफ्फरपुर शाम 4:30 बजे पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 01082 मुजफ्फरपुर-छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस विशेष ट्रेन 7 और 11 नवंबर को रात 8:30 बजे रवाना होगी। यह प्रयागराज छिवकी स्टेशन पर सुबह 9:30 से 9:33 बजे तक ठहरेगी। ट्रेन मुंबई में अगले दिन दोपहर 1:30 बजे पहुंचेगी। इसमें कुल 16 कोच होंगे। इनमें छह एसी तृतीय, दो एसी द्वितीय, चार स्लीपर, दो सामान्य और दो एसएलआर/डी कोच शामिल हैं।

दिल्ली-दरभंगा और गया-दिल्ली विशेष ट्रेन

गाड़ी संख्या 04078 दिल्ली-दरभंगा आरक्षित विशेष एक्सप्रेस 10 नवंबर को दिल्ली से दोपहर दो बजे रवाना होगी। यह अगले दिन रात 1:15 से 1:20 बजे तक सूबेदारगंज और सुबह 6:35 से 6:45 बजे तक पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर रुकेगी। ट्रेन शाम छह बजे दरभंगा पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 04077 दरभंगा-दिल्ली विशेष एक्सप्रेस 11 नवंबर को रात नौ बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 11:10 से 11:15 बजे तक सूबेदारगंज पहुंचेगी। इसके बाद गोविंदपुरी, टूंडला और गाजियाबाद होते हुए रात 11:55 बजे दिल्ली जंक्शन पहुंचेगी। इस ट्रेन में कुल 22 कोच होंगे, जिनमें 11 स्लीपर, आठ सामान्य और तीन एसएलआर कोच शामिल हैं।

गाड़ी संख्या 03697 गया-नई दिल्ली विशेष ट्रेन 7 से 28 नवंबर तक प्रत्येक मंगलवार और शनिवार को चलेगी। गया से यह दोपहर 2:15 बजे रवाना होकर शाम 5:20 से 5:30 बजे तक पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन और रात 9:25 से 9:30 बजे तक प्रयागराज जंक्शन पर रुकेगी। इसके बाद अगले दिन दोपहर 12:05 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 03698 नई दिल्ली-गया विशेष ट्रेन 8 से 29 नवंबर तक प्रत्येक बुधवार और रविवार को चलेगी। यह नई दिल्ली से दोपहर 1:40 बजे रवाना होकर अगले दिन रात 2:25 से 2:30 बजे तक प्रयागराज जंक्शन और सुबह 7:30 से 7:40 बजे तक पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर ठहरेगी। गया पहुंचने का समय सुबह 11:15 बजे है। इस ट्रेन में 12 सामान्य, 10 स्लीपर और दो एसएलआर/डी सहित कुल 24 कोच होंगे।

पटना-आनंद विहार और धनबाद-दिल्ली ट्रेन के भी बढ़े फेरे

गाड़ी संख्या 03293 पटना-आनंद विहार टर्मिनल सुपरफास्ट विशेष ट्रेन 5 से 21 नवंबर तक प्रतिदिन चलेगी। पटना से रात नौ बजे रवाना होकर यह अगले दिन रात 12:03 से 12:10 बजे तक पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन और रात 2:15 से 2:20 बजे तक सूबेदारगंज पहुंचेगी। इसके बाद गोविंदपुरी होते हुए दोपहर 12:50 बजे आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 03294 आनंद विहार टर्मिनल-पटना विशेष ट्रेन 6 से 22 नवंबर तक प्रतिदिन चलेगी। यह आनंद विहार से दोपहर 2:15 बजे रवाना होकर अगले दिन रात 2:15 से 2:20 बजे तक सूबेदारगंज और सुबह 8:15 से 8:25 बजे तक पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर रुकेगी। पटना जंक्शन पहुंचने का समय दोपहर 12:25 बजे है। इस ट्रेन में कुल 22 कोच होंगे, जिनमें सात एसी तृतीय श्रेणी, सात एसी इकोनॉमी, चार स्लीपर, दो सामान्य और दो एसएलआर/डी कोच शामिल हैं।

इसके अलावा गाड़ी संख्या 03309 धनबाद-दिल्ली विशेष ट्रेन 7 से 28 नवंबर तक प्रत्येक शनिवार को और वापसी में गाड़ी संख्या 03310 दिल्ली-धनबाद विशेष ट्रेन 8 से 29 नवंबर तक प्रत्येक रविवार को चलेगी। इस ट्रेन में दो एसएलआर एवं डी, दो सामान्य, आठ स्लीपर और आठ एसी तृतीय श्रेणी सहित कुल 20 कोच होंगे। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेनों की अद्यतन जानकारी के लिए रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 या एनटीईएस ऐप का उपयोग करें।