प्रयागराज मंडल में 20 रेलकर्मियों का सम्मान, सतर्कता और बेहतर कार्य के लिए मिले संरक्षा पुरस्कार

मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल ने कर्मचारियों को पुरस्कृत करते हुए सुरक्षित रेल परिचालन को सभी की सामूहिक जिम्मेदारी बताया।

प्रयागराज मंडल में 20 रेलकर्मियों का सम्मान, सतर्कता और बेहतर कार्य के लिए मिले संरक्षा पुरस्कार

प्रयागराज, 29 सितंबर । रेल परिचालन में सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने वाले कर्मचारियों का उत्साह बढ़ाने के लिए मंगलवार काे प्रयागराज मंडल के 20 रेलकर्मियों को संरक्षा पुरस्कार से सम्मानित किया गया। मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल ने कहा कि रेल का सुरक्षित और संरक्षित परिचालन सभी कर्मचारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है। कर्मचारियों के बेहतर कार्य से उनके साथियों को भी अच्छा कार्य करने की प्रेरणा मिलती है।

मंगलवार को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल ने सतर्कता और उत्कृष्ट संरक्षा कार्य के लिए 20 कर्मचारियों को पुरस्कार प्रदान किए। उन्होंने कर्मचारियों के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि सभी ने जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया है। भविष्य में भी इसी तरह पूरी सतर्कता और निष्ठा से कार्य करते रहें, ताकि रेल परिचालन सुरक्षित बना रहे।

उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि संरक्षा रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। परिचालन से जुड़े कर्मचारियों की सतर्कता से न केवल संभावित घटनाओं को टाला जा सकता है, बल्कि यात्रियों और रेल संपत्ति की सुरक्षा भी सुनिश्चित होती है। इसी उद्देश्य से उत्कृष्ट और जिम्मेदारीपूर्ण कार्य करने वाले कर्मचारियों को समय-समय पर प्रोत्साहित किया जाता है।

पुरस्कार पाने वालों में लोकनाथ मिश्रा, पॉइंट्समैन, मिर्जापुर, अमृत राज भारतीय, स्टेशन मास्टर रमवा, कल्लू, पॉइंट्समैन गैपुरा, मधुरेन्द्र कुमार पाण्डेय स्टेशन मास्टर, पसहीकला, धनंजय यादव स्टेशन मास्टर खैराही, अरविन्द कुमार यादव, पॉइंट्समैन, शंकरगढ़, नैना कनौजिया, गुड्स ट्रेन मैनेजर, न्यू कानपुर; कुन्दन कुमार, गुड्स ट्रेन मैनेजर, न्यू डीडीयू, श्याम कुमार, गुड्स ट्रेन मैनेजर, टूंडला, सौरभ चंद्र शुक्ला, लोको पायलट, कानपुर, काजल कुमारी, सहायक लोको पायलट, कानपुर, छवि लाल कुँवर, लोको पायलट, कानपुर, प्रवेश मीना, सहायक लोको पायलट, कानपुर, सुरेन्द्र कुमार, लोको पायलट, डीडीयूएन, मनीष कुमार, सहायक लोको पायलट, कानपुर न्यू, राम गोपाल, मेट (ट्रैक मेंटेनर-III), टूंडला, नेतराम मीना, ब्लैक स्मिथ-I, फिरोजाबाद, तारा शंकर, वरिष्ठ तकनीशियन, सिग्नल एवं दूरसंचार, ऊंचडीह, अरविन्द कुमार मीना, वरिष्ठ खंड अभियंता, कैरेज एवं वैगन, टूंडला तथा विनोद कुमार सरोज, सहायक, कैरेज एवं वैगन, प्रयागराज शामिल रहे।

कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक (सामान्य) दीपक कुमार, अपर मंडल रेल प्रबंधक (इंफ्रा) धनंजय कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी यूसी शुक्ला सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और निरीक्षक उपस्थित रहे।