भारद्वाज आश्रम और श्रृंगवेरपुर धाम में बनेंगे भव्य दीप स्तंभ : केशव प्रसाद मौर्य

प्रयागराज की सांस्कृतिक विरासत को मिलेगी नई पहचान, दोनों स्थलों पर रामायण मेला और रामलीला का भी होगा आयोजन

भारद्वाज आश्रम और श्रृंगवेरपुर धाम में बनेंगे भव्य दीप स्तंभ : केशव प्रसाद मौर्य

प्रयागराज, 06 नवंबर । महर्षि भारद्वाज आश्रम और श्रृंगवेरपुर धाम में भव्य दीप स्तंभ बनाए जाएंगे। साथ ही महर्षि भारद्वाज आश्रम में भी श्रृंगवेरपुर धाम की तरह रामायण मेले का आयोजन और रामलीला का मंचन कराया जाएगा। इससे नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं की जानकारी मिलेगी। यह घोषणा उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार को वर्चुअल माध्यम से महर्षि भारद्वाज आश्रम और श्रृंगवेरपुर धाम में आयोजित दीपोत्सव कार्यक्रम को संबोधित करते हुए की।

उन्होंने कहा कि प्रयागराज में सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान देने वाली परंपरा की शुरुआत हुई है। दीपोत्सव का आयोजन हर वर्ष पहले से अधिक भव्य रूप में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि श्रृंगवेरपुर आने वाले तीर्थयात्री प्रयागराज भी आएं और प्रयागराज आने वाले श्रद्धालु श्रृंगवेरपुर धाम भी पहुंचें। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।

उप मुख्यमंत्री ने दोनों धार्मिक स्थलों पर दीपोत्सव के भव्य आयोजन के लिए सभी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि लोक संस्कृति, कला, साहित्य और परंपराओं को प्रोत्साहित करने के साथ नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना जरूरी है। रामलीला के मंचन और रामायण मेले के माध्यम से हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपराएं नई पीढ़ी तक पहुंचेंगी।

शुक्रवार को महर्षि भारद्वाज आश्रम और श्रृंगवेरपुर धाम सहित अन्य घाटों पर भव्य दीपोत्सव आयोजित किया गया। लाखों दीपों के प्रज्ज्वलन से संगम नगरी जगमगा उठी। दोनों प्रमुख स्थलों पर लोक कलाकारों ने रामकथा पर आधारित रामायण का मंचन किया। संस्कृति विभाग की ओर से श्रृंगवेरपुर धाम में रामचरितमानस पर आधारित चित्र पांडुलिपि प्रदर्शनी भी लगाई गई।

महर्षि भारद्वाज आश्रम में आयोजित कार्यक्रम में राज्यसभा सदस्य राधाकांत ओझा, विधान परिषद सदस्य केपी श्रीवास्तव, भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, भाजपा उपाध्यक्ष कृतिका अग्रवाल, नगर मजिस्ट्रेट विनय कुमार सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और पांडुलिपि अधिकारी गुलाम सरवर सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

इसी तरह श्रृंगवेरपुर धाम में उप मुख्यमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया। यहां विधायक फाफामऊ गुरु प्रसाद मौर्य, मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह, जिला विकास अधिकारी जीपी कुशवाहा, उमेश द्विवेदी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।