फंदे पर लटकता मिला युवक का शव, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
फंदे पर लटकता मिला युवक का शव, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
मीरजापुर, 24 जुलाई । चुनार कोतवाली क्षेत्र के सेटेलमेंट एरिया स्थित कांशीराम आवासीय कॉलोनी में शुक्रवार सुबह एक 21 वर्षीय युवक का शव कमरे में पंखे के सहारे फंदे से लटकता मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार ब्लॉक नंबर-7 निवासी रजनीश कुमार (21) पुत्र राजदेव प्रसाद गुरुवार रात भोजन करने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया था। शुक्रवार सुबह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकलने पर परिजनों ने उसे आवाज दी। कोई जवाब नहीं मिलने पर दरवाजा खोलने का प्रयास किया, लेकिन दरवाजा अंदर से बंद था। इसके बाद खिड़की से झांककर देखा तो रजनीश पंखे के सहारे फंदे से लटका मिला। यह दृश्य देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना बड़े भाई नवनीत कुमार ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजन के अनुसार रजनीश स्टेशन परिसर में चाय बेचने का काम करता था और कुछ समय से मानसिक अवसाद से पीड़ित था। उसकी मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
कोतवाल विजय शंकर सिंह ने बताया कि कांशीराम आवास में युवक का शव फंदे से लटकता मिला था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।