प्रयागराज में आज से केशव प्रसाद मौर्य का दो दिवसीय दौरा, ‘सेवा ज्योति यात्रा’ में होंगे शामिल
उप मुख्यमंत्री 6 और 7 अक्टूबर को प्रयागराज में पार्टी कार्यकर्ताओं से संवाद, विकास कार्यों की समीक्षा और विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
प्रयागराज, 05 अक्टूबर । उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य छह और सात अक्टूबर को दो दिवसीय प्रयागराज दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के साथ पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात और विभागीय अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे।
मीडिया प्रभारी पवन श्रीवास्तव ने बताया कि उप मुख्यमंत्री छह अक्टूबर को शाम चार बजे पुलिस लाइन हेलीपैड पहुंचेंगे। इसके बाद वह म्योहाल चौराहे स्थित इलाहाबाद मेडिकल एसोसिएशन कन्वेंशन सेंटर में श्रद्धेय अशोक सिंघल की जन्मशती वर्ष के उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे।
कार्यक्रम के बाद उप मुख्यमंत्री शहीद चंद्रशेखर आजाद सर्किट हाउस पहुंचेंगे। यहां वह पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से भेंट करेंगे। इसके बाद विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर विभिन्न विकास कार्यों और योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेंगे।
सात अक्टूबर को उप मुख्यमंत्री सुबह 11 बजे सुभाष चौराहे पर आयोजित प्रयागराज महानगर, यमुनापार और गंगापार के संयुक्त कार्यक्रम ‘सेवा ज्योति यात्रा’ में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके बाद उनका अन्य कार्यक्रमों में भी शामिल होने का कार्यक्रम है।