समाज को बांटने की सपा-कांग्रेस की साजिश कामयाब नहीं होगी, 2027 में फिर 300 पार होगी भाजपा : केशव मौर्य
रामलीला मैदान में होने वाली परिवारवादी लीला याद रखी जाएगी, राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर उप मुख्यमंत्री ने साधा निशाना
प्रयागराज, 01 नवंबर। समाज को बांटने की सपा और कांग्रेस की साजिश कभी कामयाब नहीं होगी। वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश में भाजपा तीसरी बार 300 से अधिक सीटें जीतकर प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगी। वर्ष 2029 में भी केंद्र में भाजपा की सरकार बनेगी। दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित विपक्षी दलों की रैली पर कटाक्ष करते हुए यह बातें रविवार को प्रयागराज में मीडिया से मुखातिब हाेते हुए उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहीं।
उन्होंने सपा और कांग्रेस पर समाज को बांटने की राजनीति करने का आरोप लगाया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के भाजपा सरकार के अंगद का पैर होने संबंधी बयान का उल्लेख करते हुए कहा कि अगले 30 वर्षों तक राहुल गांधी प्रधानमंत्री और अखिलेश यादव मुख्यमंत्री नहीं बन पाएंगे।
राहुल गांधी के वोट चोरी के आरोपों पर किया पलटवार
दिल्ली के रामलीला मैदान में राहुल गांधी सहित विपक्षी गठबंधन की रैली पर उन्होंने कहा कि रैली पूरी तरह असफल रही। इसे जनता का समर्थन नहीं मिला। राहुल गांधी के वोट चोरी के आरोपों पर पलटवार करते हुए केशव मौर्य ने कहा कि कांग्रेस बताए कि सरदार वल्लभभाई पटेल का वोट किसने चोरी किया था, जिसके कारण जवाहरलाल नेहरू प्रधानमंत्री बने। इसी तरह रायबरेली में राजनारायण की जीत के बाद इंदिरा गांधी ने उन्हें हरवाया था। उन्होंने कहा कि भाजपा ने न कभी वोट चोरी की है और न कभी करेगी। पार्टी जनता के आशीर्वाद से चुनाव जीतती है और आगे भी जीतती रहेगी।
अखिलेश यादव पर भी साधा निशाना
उप मुख्यमंत्री ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि मीडिया उन्हें दिखाना बंद कर दे तो वह दिखाई देना बंद हो जाएंगे। भाजपा के अंगद के पैर वाले बयान पर अखिलेश यादव की टिप्पणी कि भाजपा के पैरों के नीचे से जमीन खिसक गई है, पर उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव के पास जमीन नहीं है। भाजपा के पास वर्ष 2014, 2017, 2019, 2022 और 2024 के चुनाव परिणाम उदाहरण के रूप में हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 में भी हारने के बाद अखिलेश यादव वोट चोरी और ईवीएम खराब होने का आरोप लगाएंगे। लेकिन न वोट चोरी होगी और न ईवीएम धोखा देगी। जनता कमल का बटन दबाकर भाजपा की सरकार बनाएगी।
आजम खां के मामले में बोले- गलत करने वालों पर होती है कार्रवाई
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की ओर से आजम खां की गिरफ्तारी पर सवाल उठाए जाने के मामले में केशव मौर्य ने कहा कि जो गलत करेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। इसमें हिंदू-मुस्लिम का कोई सवाल नहीं है। यदि विश्वविद्यालय बनाने में कोई अनियमितता हुई है और ईडी की जांच में सामने आई है तो कार्रवाई हुई है। आजम खां को लगता है कि ईडी ने गलत कार्रवाई की है तो उन्हें न्यायालय जाना चाहिए।
इससे पूर्व बमरौली एयरपोर्ट पहुंचने पर भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, गंगापार अध्यक्ष निर्मला पासवान, यमुनापार अध्यक्ष राजेश शुक्ल, राजेश गोंड, विक्रमजीत सिंह भदौरिया, अनुज कुशवाहा, आनंद सोनकर, मनोज कुशवाहा, विवेक मिश्रा और पवन श्रीवास्तव सहित पार्टी के अन्य नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।