कानपुर में तेज रफ्तार का कहर! अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को कुचला, मौके पर मची चीख-पुकार

सरसौल ओवरब्रिज के पास हादसे में 26 वर्षीय अंशु कुशवाहा की मौत, पुलिस CCTV फुटेज खंगालकर फरार वाहन चालक की तलाश में जुटी

कानपुर में तेज रफ्तार का कहर! अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को कुचला, मौके पर मची चीख-पुकार

कानपुर, 07 नवंबर। उत्तर प्रदेश के कानपुर में महाराजपुर क्षेत्र अंतर्गत शनिवार को तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गयी। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। टक्कर मारने वाले वाहन और उसके चालक का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

महाराजपुर के निहालखेड़ा गांव निवासी अंशु कुशवाहा (26) विजय नगर स्थित एक कंपनी में काम करते थे। आज सुबह वह रोज की तरह बाइक से ड्यूटी पर जा रहे थे। सरसौल ओवरब्रिज के पास आनंद भोग स्वीट्स हाउस के सामने पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि अंशु उछलकर सड़क पर जा गिरे। हादसे में उनके सिर में गंभीर चोट आई। सिर पर लगा हेलमेट भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल अंशु को सरसौल स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

अंशु परिवार के इकलौते बेटे थे। उनके परिवार में पत्नी रेशु और एक साल का बेटा है। पति की मौत की खबर सुनते ही पत्नी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

महाराजपुर थाना प्रभारी जनार्दन सिंह के ने बताया कि हादसे के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही है। अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।