कृषि मंत्री करेंगे किसान मेले का उद्घाटन, सौर ऊर्जा से चलने वाला ट्रैक्टर होगा आकर्षण
कृषि मंत्री करेंगे किसान मेले का उद्घाटन, सौर ऊर्जा से चलने वाला ट्रैक्टर होगा आकर्षण
कानपुर, 13 अक्टूबर । चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में 15 से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले किसान मेले का उद्घाटन कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही करेंगे। इस बार मेले में सौर ऊर्जा से चलने वाले ट्रैक्टर और थ्रेशर मशीन का प्रदर्शन किया जाएगा। ‘सशक्त किसान, आत्मनिर्भर भारत’ थीम पर आयोजित मेले में किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक, ड्रोन से उर्वरकों के छिड़काव और कृत्रिम बुद्धिमत्ता की मदद से सिंचाई व्यवस्था बेहतर बनाने की जानकारी दी जाएगी। यह जानकारी मंगलवार को विश्वविद्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में कुलपति डॉ. संजीव गुप्ता ने दी।
कुलपति ने बताया कि किसान मेले में डेढ़ सौ से अधिक स्टाल लगाए जाएंगे। इनमें कृषि कल्याणकारी योजनाओं के साथ बागवानी, भू-दृश्य निर्माण, वानिकी और कृषि क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों की जानकारी मिलेगी। कृत्रिम बुद्धिमत्ता, मशीन लर्निंग और ड्रोन तकनीक का प्रदर्शन भी किया जाएगा। किसानों को अरहर और गन्ने की फसलों में ड्रोन के माध्यम से उर्वरकों का छिड़काव करने की विधि बताई जाएगी। इसके साथ ही कृत्रिम बुद्धिमत्ता के इस्तेमाल से सिंचाई व्यवस्था को बेहतर बनाने की जानकारी दी जाएगी।
मेले में सौर ऊर्जा से चलने वाले ट्रैक्टर और थ्रेशर मशीन का प्रदर्शन होगा। किसानों को बताया जाएगा कि आधुनिक थ्रेशर मशीन धान के पुआल के बेहतर प्रबंधन में किस तरह मददगार हो सकती है। छह हेक्टेयर से कम जोत वाले किसानों के लिए छोटे कृषि यंत्र भी प्रदर्शित किए जाएंगे। इसके अलावा मशरूम उत्पादन, मोती की खेती और मधुमक्खी पालन जैसे कृषि आधारित व्यवसायों की जानकारी दी जाएगी।
आगे उन्होंने बताया कि मेले का दूसरा दिन विशेष रूप से महिला किसानों को समर्पित रहेगा। इस दिन छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे। मंच पर चार महिला किसान भी मौजूद रहेंगी, जिन्होंने अपनी मेहनत से कृषि क्षेत्र में उद्यम स्थापित किए हैं।
किसानों को रबी की फसलों के बीज भी उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके लिए गेहूं, सरसों, सब्जी मटर सहित विभिन्न फसलों के दस हजार से अधिक पैकेट तैयार किए गए हैं। पत्रकार वार्ता में प्रसार निदेशक डॉ. वीके त्रिपाठी, शोध निदेशक डॉ. महक सिंह, कृषि अधिष्ठाता डॉ. कौशल कुमार और मीडिया प्रभारी डॉ. खलील खान सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।