झांसी में शादी तय होने से नाराज प्रेमी ने प्रेमिका को मारी गोली, 5 घंटे बाद पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार
19 वर्षीय युवती की हत्या के बाद फरार था आरोपी, एम्पायर कॉलोनी के पास पुलिस से मुठभेड़ में पैर में लगी गोली; तमंचा और कारतूस बरामद
झांसी, 08 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश के झांसी में सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के खोड़न में बुधवार को शादी तय होने से नाराज प्रेमी ने 19 वर्षीय युवती की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के महज पांच घंटे के भीतर पुलिस ने आरोपित को एम्पायर के पास मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। जवाबी फायरिंग में आरोपित के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा, एक कारतूस और एक खोखा बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, 7 अक्टूबर को शाम करीब 5:44 बजे सोनू रायकवार ने सीपरी बाजार थाने में तहरीर दी। उसने बताया कि करीब तीन बजे उसका भाई मोनू घर पहुंचा तो उसकी भतीजी चंचल (19) खून से लथपथ मृत अवस्था में पड़ी थी। रास्ते में कमल रायकवार पुत्र लक्ष्मण निवासी खोड़न हाथ में तमंचा लिए मिला और कथित तौर पर उसने कहा कि चंचल को गोली मार दी है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में मामला गोली लगने से हत्या का सामने आया। मृतका के पिता ने पुलिस को बताया कि एक युवक उनकी बेटी से करीब साढ़े चार साल से प्रेम करता था। परिवार ने चंचल की शादी कहीं और तय कर दी , जिससे युवक नाराज था। आशंका है कि आरोपित दीवार के सहारे घर के पिछले रास्ते से अंदर आया और उसे गोली मारकर फरार हो गया।
सीपरी बाजार थाने में मुकदमा अपराध संख्या 470/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में रिपोर्ट दर्ज की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने आरोपित की गिरफ्तारी के लिए चार पुलिस टीमों का गठन किया। पुलिस टीमों ने तलाश शुरू की और रात करीब 9 बजे एम्पायर कॉलोनी के पास आरोपी को घेर लिया। पुलिस के अनुसार, घिरने पर आरोपित ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी और उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया।
एसपी सिटी प्रीति सिंह ने बताया कि पूछताछ में आरोपित ने साढ़े चार साल से प्रेम प्रसंग और शादी तय होने से नाराज होकर वारदात को अंजाम देने की बात बताई है। विधिक कार्रवाई की जा रही है।