स्वतंत्रता दिवस हमें अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों की भी याद दिलाता है : धर्मवीर
स्वतंत्रता दिवस हमें अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों की भी याद दिलाता है : धर्मवीर
नई दिल्ली, 14 अगस्त । युग संस्कृति न्यास के संस्थापक धर्मवीर ने शुक्रवार को कहा कि भारत की शक्ति उसके लोगों, युवाओं, ज्ञान, संस्कृति और सामूहिक क्षमता में है।
संस्थापक धर्मवीर ने यह बात दिल्ली में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर युग संस्कृति न्यास द्वारा एक विशेष गेट-टु-गेदर के अवसर पर कही। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अमेरिका से आए हर्ष कुमार, यूएस-इंडिया हाउस रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जस्ट सॉल्व के अध्यक्ष जे के जैन ने की।
कार्यक्रम का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस को केवल उत्सव के रूप में मनाने के बजाय इसे “विचार, संवाद, सहयोग और राष्ट्र निर्माण” की भावना से जोड़ना रहा।
धर्मवीर ने कहा, "आज का भारत केवल आर्थिक विकास नहीं बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी, सांस्कृतिक मूल्यों, नवाचार और मानवीय संवेदनाओं के संतुलन के साथ आगे बढ़ना चाहता है। स्वतंत्रता दिवस हमें अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों की भी याद दिलाता है।"
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के 80 वर्ष हमारे लिए केवल गौरव का अवसर नहीं, बल्कि आत्मचिंतन और भविष्य की दिशा तय करने का भी समय है। आज आवश्यकता है कि प्रशासन, सेना, पुलिस, उद्योग, समाज, आध्यात्मिक संस्थाएं और युवा शक्ति मिलकर राष्ट्र निर्माण के लिए साझा प्रयास करें। विचारों का संवाद और सकारात्मक सहयोग ही विकसित एवं सशक्त भारत की मजबूत नींव तैयार कर सकता है।
वक्ताओं ने कहा कि युवाओं की प्रतिभा और रचनात्मक सोच को सही अवसरों से जोड़कर रोजगार, उद्यमिता, नवाचार और सामाजिक विकास के नए अवसर पैदा किए जा सकते हैं।
युग संस्कृति न्यास की ओर से कहा गया कि स्वतंत्रता की भावना को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने के लिए संवाद, सहभागिता और सामाजिक जिम्मेदारी को बढ़ावा देना आवश्यक है। ऐसे मंच समाज के विभिन्न वर्गों को एक-दूसरे के अनुभवों से सीखने और मिलकर नए प्रयास करने का अवसर प्रदान करते हैं।
आयोजकों के अनुसार, 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित यह विशेष गेट-टु-गेदर विभिन्न क्षेत्रों के लोगों को जोड़ने और भारत के भविष्य को लेकर सामूहिक चिंतन की दिशा में एक सकारात्मक पहल है।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्र निर्माण, सामाजिक समरसता, नवाचार, राष्ट्रीय एकता और विकसित भारत के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।
उद्योग एवं व्यवसाय जगत से विनोद कादयान (बिजनेसमैन) ने सहभागिता की। वहीं सामाजिक एवं जनसेवा क्षेत्र से अर्चना त्रिवेदी, सामाजिक कार्यकर्ता संदीप सहगल, सामाजिक कार्यकर्ता पुनीत शर्मा, जोन चेयरमैन, लक्ष्मी तारू फाउंडेशन और भारतीय सेना एवं नौसेना से जुड़े अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने भी सहभागिता की।