प्रयागराज के लेटे हनुमानजी की तर्ज पर धमतरी में विराजे 20 फीट लंबे लेटे हुए गणेशजी, दर्शन को उमड़ रहे श्रद्धालु

छत्तीसगढ़ के धमतरी में विघ्नहर्ता साम्राज्य गणेशोत्सव समिति ने स्थापित की अनोखी प्रतिमा। प्रयागराज की थीम पर बने पंडाल में दर्शन के साथ सेल्फी लेने की भी होड़।

प्रयागराज के लेटे हनुमानजी की तर्ज पर धमतरी में विराजे 20 फीट लंबे लेटे हुए गणेशजी, दर्शन को उमड़ रहे श्रद्धालु

धमतरी, 17 सितंबर । गणेशोत्सव के दौरान धमतरी में इस बार भगवान गणेश की अनोखी प्रतिमा श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। रायपुर रोड स्थित लालबगीचा मोड़ पर विघ्नहर्ता साम्राज्य गणेशोत्सव समिति ने करीब 20 फीट लंबे गणेशजी की प्रतिमा स्थापित की है। खास बात यह है कि प्रतिमा में गणेशजी बैठे हुए नहीं, बल्कि लेटे हुए स्वरूप में नजर आ रहे हैं।

प्रतिमा का स्वरूप प्रयागराज में गंगा नदी में बाढ़ के दौरान चर्चित हुए लेटे हुए हनुमानजी के दृश्य से प्रेरित बताया जा रहा है। इसी तर्ज पर समिति ने इस बार गणेशजी को लेटे हुए हनुमानजी के स्वरूप में सजाया है। प्रयागराज के उस दृश्य का वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में रही थीं। अब उसी स्वरूप की झलक धमतरी के गणेश पंडाल में देखने को मिल रही है। पंडाल में सुबह और शाम हनुमान चालीसा, मंत्रोच्चार और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जा रही है। अनोखी प्रतिमा के दर्शन के लिए धमतरी शहर के अलावा आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। पंडाल में पहुंचने वाला लगभग हर श्रद्धालु भगवान गणेश की प्रतिमा के साथ फोटो और सेल्फी लेते नजर आ रहा है।

श्रद्धालु दीपक सिन्हा, अभिषेक सिन्हा और टोकेश देवांगन सहित अन्य ने बताया कि हर किसी के लिए प्रयागराज जाकर लेटे हुए हनुमानजी के दर्शन करना संभव नहीं है। ऐसे में धमतरी में ही इस अनोखे स्वरूप के दर्शन का अवसर मिलना श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण है। विघ्नहर्ता साम्राज्य गणेशोत्सव समिति को करीब 12 वर्ष हो चुके हैं। समिति में मुख्य रूप से युवाओं की टीम है, जो हर वर्ष पंडाल और प्रतिमा में कुछ नया करने का प्रयास करती है। समिति के सदस्य सुभाष चंद्राकर, रूपेश साहू, राहुल ग्वाल, जसवंत पटेल और नागेंद्र साहू ने बताया कि करीब तीन महीने पहले से गणेश स्थापना की तैयारियां शुरू कर दी गई थीं। समिति की बैठकों में इस बार कुछ अलग करने पर चर्चा हुई और प्रयागराज के लेटे हुए हनुमानजी की थीम पर गणेशजी की प्रतिमा स्थापित करने का निर्णय लिया गया। टिकेंद्र देवांगन, रविंद्र, अर्जुन और पीयूष सहित अन्य सदस्यों ने बताया कि प्रयागराज नहीं जा पाने वाले श्रद्धालुओं को धमतरी में ही इस स्वरूप के दर्शन कराने की मंशा से यह थीम तैयार की गई है। सुबह से देर शाम तक पंडाल में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी हुई है और 20 फीट लंबे लेटे हुए गणेशजी का अनोखा स्वरूप शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है।