प्रयागराज: हिंदू हॉस्टल के पास से पकड़ा गया इनामी आसिफ अहमद, STF की बड़ी कार्रवाई
गो-तस्करी समेत कई मामलों में वांछित था आसिफ अहमद, कर्नलगंज के हिंदू हॉस्टल चौराहे के पास से पकड़ा गया
प्रयागराज, 27 अक्टूबर । उत्तर प्रदेश एसटीएफ की फील्ड इकाई प्रयागराज ने मंगलवार को धूमनगंज थाने में दर्ज गो-तस्करी से जुड़े मामले में फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी आरोपित को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपित के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया।
एसटीएफ फील्ड इकाई प्रयागराज के पुलिस उपाधीक्षक शैलेश प्रताप सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित प्रयागराज के धूमनगंज थाना क्षेत्र के चक घनश्यामदास, नई बाजार करमा, निवासी आसिफ अहमद पुत्र स्वर्गीय कमाल अहमद है। एसटीएफ ने यह कार्रवाई 27 अक्टूबर को की। गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ प्रयागराज के विभिन्न थानों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
एसटीएफ फील्ड इकाई प्रयागराज की टीम ने पुलिस उपाधीक्षक शैलेश प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण और निरीक्षक जय प्रकाश राय के नेतृत्व में अभियुक्त की तलाश शुरू की। इसी दौरान सूचना मिली कि आसिफ अहमद हिन्दू हॉस्टल चौराहे के पास, थाना कर्नलगंज क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के आधार पर टीम ने कार्रवाई करते हुए 27 अक्टूबर को शाम करीब 6:45 बजे उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह एक संगठित गिरोह से जुड़ा है। उसके खिलाफ प्रयागराज के विभिन्न थानों में गो-तस्करी, पशु वध और अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। एसटीएफ के अनुसार, वर्ष 2026 में धूमनगंज थाने में गो-तस्करी से संबंधित एक मामला दर्ज किया गया था। इसी मामले में उसकी तलाश की जा रही थी और उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
गिरफ्तार अभियुक्त को धूमनगंज थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 293/2026, धारा 2/3 उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम के तहत दाखिल किया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई स्थानीय पुलिस की ओर से की जाएगी।
एसटीएफ की इस कार्रवाई को वांछित और इनामी अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।