गौ हत्या की खबर पर पुलिस का छापा, 11 आरोपित गिरफ्तार
गौ हत्या की खबर पर पुलिस का छापा, 11 आरोपित गिरफ्तार
प्रयागराज, 25 जुलाई । उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित नैनी स्थित काशीराम कॉलोनी में शनिवार भोर में कथित गौ हत्या की सूचना पर पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई के बाद विश्व हिंदू परिषद (गौरक्षा), काशी प्रांत के प्रांत मंत्री लाल मणि तिवारी ने दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि संगठन को लंबे समय से क्षेत्र में गौ हत्याकर मांस बेचने की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद इसकी सूचना पुलिस प्रशासन को दी गई।
लाल मणि तिवारी ने बताया कि उनकी सूचना पर पुलिस उपायुक्त यमुनानगर के निर्देश पर एसओजी, नैनी थाना पुलिस, सहायक पुलिस आयुक्त करछना तथा भारी पुलिस बल ने संयुक्त अभियान चलाया। अभियान के दौरान विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता भी मौके पर मौजूद रहे।
तिवारी का दावा है कि तलाशी के दौरान एक खंडहरनुमा कमरे से एक गाय का अधकटा शव बरामद हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस कार्रवाई के दौरान वहां मौजूद लोगों ने फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया। पुलिस ने पीछा कर 11 आरोपितों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से चापड़, चाकू, अवैध कट्टा, कारतूस तथा अन्य उपकरण भी बरामद किए गए।
विश्व हिंदू परिषद के प्रांत मंत्री लाल मणि तिवारी ने कहा कि गौहत्या की घटनाओं को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने गिरफ्तार आरोपितों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई करने तथा काशीराम कॉलोनी में अवैध रूप से रह रहे और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों की जांच कर उनके विरुद्ध भी कार्रवाई की मांग की।
इस मामले में सहायक पुलिस आयुक्त करछना सुनील कुमार सिंह ने बताया कि घटना में एक व्यक्ति गोली लगने से घायल हुआ है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।