प्रभु राम भारत की आत्मा के मूलस्त्रोत हैं, राम का मतलब राष्ट्र है : योगी आदित्यनाथ
प्रभु राम भारत की आत्मा के मूलस्त्रोत हैं, राम का मतलब राष्ट्र है : योगी आदित्यनाथ
प्रयागराज, 06 जुलाई । प्रभु राम भारत की आत्मा के मूलस्त्रोत हैं। राम का मतलब राष्ट्र है। उत्तर से दक्षिण तक एकता के सूत्र में बांधने वाला कोई नाम है, तो वह राम का नाम है। उक्त बात सोमवार को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर सोमवार को कालीघाट स्थित नव विकसित प्रेरणा स्थल का लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कही।
उन्होंने कहा कि भारत की सांस्कृतिक विरासत, राष्ट्रीय एकता और महापुरुषों के आदर्शों का सम्मान करते हुए ही विकसित भारत का निर्माण संभव है। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का पूरा जीवन राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए समर्पित रहा। उन्होंने एक देश में दो प्रधान, दो विधान और दो निशान के विरोध में अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। वहीं अटल बिहारी वाजपेयी ने सार्वजनिक जीवन में राजनीतिक शुचिता और सुशासन का आदर्श प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि अशोक सिंघल ने राम जन्मभूमि आंदोलन के माध्यम से देश में सांस्कृतिक चेतना का व्यापक जागरण किया और अपना पूरा जीवन राष्ट्र व सनातन परंपरा के लिए समर्पित कर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में " विकास भी और विरासत भी" के मंत्र पर कार्य किया जा रहा है। प्रयागराज में प्रेरणा स्थल का निर्माण इसी सोच का परिणाम है, जिससे नई पीढ़ी महापुरुषों के जीवन, विचारों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान से प्रेरणा ले सकेगी।
मुख्यमंत्री ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी और विश्व हिंदू परिषद के पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक सिंघल की प्रतिमाओं का बटन दबाकर अनावरण किया। उन्होंने तीनों महान विभूतियों की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि भी दी।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार, उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, स्वयं सहायता समूहों तथा बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया और विभिन्न योजनाओं की जानकारी ली। उन्होंने छह दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल वितरित की।
बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग के स्टॉल पर मुख्यमंत्री ने तीन बच्चों का अन्नप्राशन कराया तथा दो गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की रस्म पूरी कर उन्हें आशीर्वाद दिया। बेसिक शिक्षा विभाग के स्टॉल पर पांच बच्चों को स्कूल बैग, पुस्तकें, स्टेशनरी किट और चॉकलेट वितरित की। उन्होंने नई शिक्षा नीति के अंतर्गत स्थापित साइंस लैब और क्यूरियोसिटी कॉर्नर का भी अवलोकन कर बच्चों से संवाद किया।
मुख्यमंत्री ने यमुना नदी में आयोजित एकता नौका रेस प्रतियोगिता को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके बाद विभिन्न विभागों की योजनाओं के लाभार्थियों को नियुक्ति पत्र, डेमो चेक, सफाई किट, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास की चाबी तथा पीएम स्वनिधि योजना के लाभार्थियों को सहायता राशि के डेमो चेक वितरित किए। राज्य स्तरीय कैनो स्प्रिंट चैम्पियनशिप के स्वर्ण पदक विजेताओं को सम्मानित किया और पीएम सूर्य घर योजना के तहत चयनित लाभार्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता 'नंदी', सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
लोकार्पण एवं अनावरण समारोह के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लेटे हनुमान मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन भी किया।