बरेली में बाेले मुख्यमंत्री याेगी - बदल चुका है उत्तर प्रदेश, अब बिना किसी भय के अपने त्योहार मनाते हैं लाेग
बरेली में बाेले मुख्यमंत्री याेगी - बदल चुका है उत्तर प्रदेश, अब बिना किसी भय के अपने त्योहार मनाते हैं लाेग
बरेली, 13 अक्टूबर । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में त्योहारों के दौरान उपद्रव और अशांति का माहौल रहता था, लेकिन अब प्रदेश बदल चुका है। लोग बिना किसी भय के अपने त्योहार मना रहे हैं। कानून व्यवस्था में आए बदलाव का उदाहरण बरेली भी है। गांवों में अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखने और संदिग्ध घटनाओं की जानकारी पुलिस तक पहुंचाने में ग्राम प्रहरियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।
मंगलवार को बरेली के पुलिस लाइन मैदान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बरेली और मुरादाबाद मंडल के नौ जिलों से आए करीब 5100 ग्राम प्रहरियों को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने ग्राम प्रहरियों का मासिक मानदेय 2500 रुपये से बढ़ाकर 3500 रुपये किए जाने की जानकारी दी। एक हजार रुपये की इस बढ़ोतरी से प्रदेश के करीब 70 हजार ग्राम प्रहरियों को लाभ मिलेगा। इस संबंध में शासनादेश जारी हो चुका है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने में ग्राम प्रहरी पुलिस की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनकी सतर्कता से अपराधियों की आवाजाही और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी समय रहते मिल सकती है, जिससे अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।
अब सुरक्षित माहौल में त्योहार मना रहे लोग
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में सुरक्षा का वातावरण बनने से आम जनता का विश्वास बढ़ा है। लोग निडर होकर घरों से निकल रहे हैं और धार्मिक आयोजनों में शामिल हो रहे हैं। शारदीय नवरात्र के दौरान प्रदेशभर में श्रद्धालु सुरक्षित वातावरण में मां दुर्गा के दर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले कुछ लोगों की गलत गतिविधियों का खामियाजा प्रदेश के 25 करोड़ लोगों को भुगतना पड़ता था। युवाओं और व्यापारियों के सामने पहचान का संकट था, लेकिन अब उत्तर प्रदेश की छवि देश और दुनिया में बदली है। प्रदेश में सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के आधार पर विकास को गति मिल रही है। बेहतर कानून व्यवस्था से निवेश बढ़ रहा है, सड़कों का निर्माण हो रहा है और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा हो रहे हैं।
बेटियों से गुस्ताखी की तो अगले चौराहे पर मिलेगा जवाब
मुख्यमंत्री ने अपराधियों को चेतावनी देते हुए कहा कि अब प्रदेश में कानून का डर है। उन्होंने कहा, पहले जो रहनुमा थे, वही चोर थे, लेकिन अब व्यवस्था बदल चुकी है। बेटियों के साथ अभद्रता करने वालों को चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि अगर कोई बेटियों से गुस्ताखी करता है तो अगले चौराहे पर उसका यमराज इंतजार कर रहे होते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत होने से लोगों के मन में सुरक्षा का विश्वास पैदा हुआ है। अब आम नागरिक अपने परिवार और भविष्य को लेकर पहले से अधिक आश्वस्त हैं। सरकार का प्रयास है कि हर व्यक्ति को सुरक्षित वातावरण मिले और प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचे।
ग्राम प्रहरियों के योगदान पर दिखाई गई फिल्म
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार सुबह करीब 11:20 बजे हेलिकॉप्टर से पुलिस लाइन मैदान पहुंचे। जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। कार्यक्रम में ग्राम प्रहरियों की जिम्मेदारियों और ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में उनके योगदान पर आधारित लघु फिल्म दिखाई गई। इसके बाद मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले ग्राम प्रहरियों को सम्मानित किया।
पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और पुलिस को समय पर सूचनाएं उपलब्ध कराने में ग्राम प्रहरियों के योगदान की सराहना की। कार्यक्रम में अपर मुख्य सचिव गृह संजय प्रसाद भी मौजूद रहे।
धर्मपाल सिंह ने पीडीए की नई व्याख्या कर सपा पर साधा निशाना
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री एवं नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद धर्मपाल सिंह ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने पीडीए की नई व्याख्या करते हुए कहा कि पी का अर्थ पहली बार वर्ष 2017 में भाजपा की प्रचंड बहुमत से सरकार बनने से है। डी का अर्थ दूसरी बार भाजपा की सरकार बनने से है, जबकि ए का अर्थ अगली बार वर्ष 2027 में भी भाजपा की सरकार बनने से है। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, प्रभारी मंत्री जेपीएस राठौर, वन मंत्री अरुण कुमार, सांसद छत्रपाल गंगवार, राज्यसभा सांसद श्रुति गंगवार और महापौर उमेश गौतम समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।