राम मंदिर निर्माण के 150 कार्यों में से 148 पूरे, दीपावली पर भव्य रोशनी की तैयारी: नृपेंद्र मिश्र
परकोटे और फसाड लाइटिंग का काम 15 नवंबर तक पूरा करने का लक्ष्य; ऑडिटोरियम, म्यूजियम और मध्वाचार्य द्वार के निर्माण की भी समीक्षा।
अयोध्या, 16 अक्टूबरश्रीराम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र ने शुक्रवार को निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी दी। मंदिर निर्माण से जुड़े कार्यों की समीक्षा बैठक का शुक्रवार को दूसरा दिन रहा। पहले दिन हुई समीक्षा के बिंदुओं पर भी चर्चा की गई। उन्होंने बताया कि कुल 150 निर्माण कार्यों में से 148 पूरे हो चुके हैं। एलएंडटी ने पूर्ण कार्यों को आवश्यक ड्राइंग, डिजाइन और अभिलेखों के साथ ट्रस्ट को सौंप दिया है।
उन्होंने बताया कि परकोटे का निर्माण अभी हस्तांतरित होना बाकी है। परकोटे की छत पर वॉटर ट्रीटमेंट से संबंधित कुछ कार्य अधूरे हैं, जिसके कारण इसका हस्तांतरण नहीं हो सका है। इसे 15 नवंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। बारिश के कारण निर्माण कार्य की गति भी प्रभावित हुई है।
मंदिर और परकोटे की फसाड लाइटिंग का काम भी 15 नवंबर तक पूरा करने का लक्ष्य है। नृपेंद्र मिश्र ने कहा कि दीपावली पर मंदिर की भव्यता के अनुरूप आकर्षक रोशनी की व्यवस्था की जाएगी। समीक्षा बैठक में ठेकेदारों के भुगतान और वित्तीय मामलों को प्रमुखता से रखा गया है। एलएंडटी से जुड़े भुगतान संबंधी मामलों को जल्द पूरा कराने पर भी ध्यान दिया जा रहा है।
मंदिर परिसर के बाहर ऑडिटोरियम और म्यूजियम का निर्माण जारी है। बैठक में इन दोनों महत्वपूर्ण परियोजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की जाएगी। विजय स्तंभ और शहीद स्मारक का निर्माण पूरा हो चुका है, हालांकि स्मारक परिसर में उद्यान और हॉर्टिकल्चर से जुड़े कुछ कार्य अभी चल रहे हैं। मध्वाचार्य द्वार का निर्माण करीब 80 प्रतिशत पूरा हो गया है।
नृपेंद्र मिश्र ने निर्माण की गति और सामने आ रही कठिनाइयों का मौके पर निरीक्षण करने की बात कही। एलएंडटी द्वारा ड्राइंग, डिजाइन, अभिलेख और वित्तीय प्रक्रिया पूरी करने के बाद ट्रस्ट के प्रोजेक्ट इंजीनियर निर्माण कार्यों की जांच करेंगे। जांच के बाद ही ट्रस्ट हस्तांतरण स्वीकार करेगा।