वाराणसी : अखिलेश यादव की बेटी टीना और अदिति ने सांसद प्रिया सरोज के साथ किया गंगा पूजन
वाराणसी : अखिलेश यादव की बेटी टीना और अदिति ने सांसद प्रिया सरोज के साथ किया गंगा पूजन
वाराणसी, 29 जून। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की बेटियां टीना यादव और अदिति यादव ने सोमवार शाम दशाश्वमेध घाट पर मछलीशहर से सांसद प्रिया सरोज के साथ विधि-विधान से मां गंगा का पूजन किया।
सायंकालीन गंगा आरती का आयोजन कराने वाली संस्था गंगा सेवा निधि के अर्चकों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच तीनों का गंगा पूजन संपन्न कराया। पूजन के उपरांत टीना यादव, अदिति यादव और सांसद प्रिया सरोज ने दशाश्वमेध घाट पर होने वाली विश्वप्रसिद्ध गंगा आरती में भी सहभागिता की। आरती के दौरान टीना यादव श्रद्धा और भक्ति में भाव-विभोर नजर आईं।
गंगा सेवा निधि की विजिटर बुक में टीना यादव ने लिखा, "भगवती मां गंगा की आरती ने मंत्रमुग्ध कर दिया। हम सभी को उनकी स्वच्छता और संरक्षण के लिए कार्य करना चाहिए। मां गंगा हम सभी के लिए मां स्वरूप हैं।"
इस अवसर पर गंगा सेवा निधि के अध्यक्ष सुशांत मिश्रा और कोषाध्यक्ष आशीष तिवारी ने टीना यादव, अदिति यादव तथा सांसद प्रिया सरोज का अंगवस्त्र, प्रसाद और स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया। तीनों लगभग एक घंटे तक दशाश्वमेध घाट पर मौजूद रहीं।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले रविवार शाम अखिलेश यादव के पुत्र अर्जुन यादव और पुत्री टीना यादव ने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर तथा संकट मोचन मंदिर में विधिवत दर्शन-पूजन किया था। दर्शन के बाद दोनों ने शहर की एक प्रसिद्ध मिठाई की दुकान पर पहुंचकर बनारसी पेड़ा, रसगुल्ला सहित अन्य पारंपरिक मिठाइयों का स्वाद भी लिया।