दो मोटरसाइकिलों की टक्कर में युवक की मौत, भाभी एवं बहन घायल
दो मोटरसाइकिलों की टक्कर में युवक की मौत, भाभी एवं बहन घायल
प्रयागराज, 17 मई । उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित घूरपुर थाना क्षेत्र के करमा गांव के समीप रविवार को दो मोटरसाइकिलों की भिड़ंत में एक युवक की मौत हो गई। हादसे में युवक की बहन एवं भाभी घायल हुई हैं। हादसे के बाद दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस उपायुक्त यमुनानगर विवेक चन्द्र यादव ने बताया कि हादसे में प्रयागराज के सोरांव थाना क्षेत्र के सधनगंज गांव निवासी सुरजीत (22) पुत्र तुलसीराम की मौत हुई है। हादसे में घायल उसकी बहन सत्या और भाभी स्वेता को उपचार के लिए स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। घटना के संबंध में जानकारी देते हुए मृतक के मौसी का बेटा सुनील ने बताया कि सुरजीत अपनी बहन एवं भाभी को दवा दिलाने के लिए करमा जा रहा था। रास्ते में करमा के समीप रविवार शाम सुरजीत की मोटरसाइकिल अचानक सामने से आ रही दूसरी मोटरसाइकिल से भिड़ गई। हादसे के बाद घायल सुरजीत और उसकी बहन एवं भाभी को उपचार के लिए तत्काल स्वरूपरानी नेहरू में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने सुरजीत को मृत घोषित कर और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उसकी बहन एवं भाभी का उपचार जारी है।