युवक की हत्या मामले में तीन सगे भाई गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त औजार बरामद
युवक की हत्या मामले में तीन सगे भाई गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त औजार बरामद
प्रयागराज, 17 मई । उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित होलागढ़ थाने की पुलिस टीम ने हत्या मामले का खुलासा करते हुए तीन सगे भाइयों को गिरफ्तार किया। यह जानकारी रविवार को पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने दी।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपित होलागढ़ थाने के भगौतीपुर गुटहना गांव निवासी अमित पटेल , अजय पटेल और संजय पटेल है। गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया जाएगा। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दो डंडे भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार थाना होलागढ़ में पंजीकृत मुकदमा अपराध संख्या 46/2026 धारा 103(2) भा.न्या.सं. से संबंधित वांछित अभियुक्त अमित पटेल, अजय पटेल और संजय पटेल को मालापुर नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार किया गया। साक्ष्य संकलन के आधार पर मुकदमे में धारा 3(5) भा.न्या.सं. की बढ़ोत्तरी करते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
घटना 12 मई 2026 की है, जब भगवतीपुर खुटहना स्थित हनुमान मंदिर के पास एक युवक का शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। मृतक की पहचान आशीष पटेल निवासी धरवन का पुरा पूरबनारा थाना होलागढ़ के रूप में हुई थी। मामले में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों ने बताया कि मृतक आशीष पटेल, अमित पटेल की सब्जी की दुकान में चोरी करने के इरादे से घुसा था। आवाज सुनकर अमित जाग गया और शोर मचाने पर उसके भाई अजय और संजय भी मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि तीनों ने मिलकर आशीष की डंडों से पिटाई कर दी और अधमरी हालत में छोड़कर फरार हो गए। बाद में उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अमित पटेल (24 वर्ष), अजय पटेल (38 वर्ष) और संजय पटेल (33 वर्ष) निवासी भगौतीपुर खुटहना थाना होलागढ़ के रूप में की है।
पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि हत्या की घटना के खुलासे के लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया था। साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है तथा मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।