पं दीनदयाल का ‘अंत्योदय और एकात्म मानववाद’ का दर्शन ही पार्टी की मूल आत्मा : सीमा द्विवेदी

-भाजपा की ओर से दो दिवसीय प्रशिक्षण महाअभियान सम्पन्न

पं दीनदयाल का ‘अंत्योदय और एकात्म मानववाद’ का दर्शन ही पार्टी की मूल आत्मा : सीमा द्विवेदी

प्रयागराज, 17 मई । भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) की ओर से प्रयागराज और गंगापार में रविवार काे पं दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में मुख्य वक्ता एवं राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी ने कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि पं दीनदयाल उपाध्याय का 'अंत्योदय और एकात्म मानववाद' का दर्शन ही हमारी पार्टी की मूल आत्मा है।

सीमा द्विवेदी ने बताया कि इस प्रशिक्षण अभियान का मुख्य उद्देश्य हमारे कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से और अधिक सुदृढ़ बनाना है, ताकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जनकल्याणकारी नीतियां समाज के अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति तक पूरी प्रामाणिकता के साथ पहुंच सके।

सीमा द्विवेदी ने कहा कि संगठन की इस ऊर्जावान पाठशाला में उपस्थित सभी ऊर्जावान पदाधिकारियों एवं निष्ठावान कार्यकर्ताओं का उत्साह देखकर यह स्पष्ट है कि राष्ट्र निर्माण और जनसेवा के प्रति हमारा संकल्प निरंतर मजबूत हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण वर्ग भारतीय जनता पार्टी की वह रीढ़ है जो कार्यकर्ताओं में राष्ट्र प्रथम की भावना, अनुशासन और सेवा के संकल्प को और अधिक प्रगाढ़ बनाती है। निश्चित ही यह प्रशिक्षण वर्ग कार्यकर्ताओं की ऊर्जा और क्षमता को नई दिशा देने में मील का पत्थर साबित होगा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता आशीष भारतीय ने एवं संचालन किरण त्रिवेदी ने किया। इस अवसर पर भाजपा गंगापार जिलाध्यक्ष निर्मला पासवान, विधायक दीपक पटेल सहित भारतीय जनता पार्टी के ऊर्जावान कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, प्रदेश प्रवक्ता मनीष शुक्ला, महानगर महामंत्री डॉ शैलेंद्र पाण्डेय, पूर्व जिलाध्यक्ष रणजीत सिंह सहित संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कर्मठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।