शादी से इनकार करने पर महिला ने थाने में जहर खाया

शादी से इनकार करने पर महिला ने थाने में जहर खाया

शादी से इनकार करने पर महिला ने थाने में जहर खाया

फतेहपुर, 06 मई । उत्तर प्रदेश में फतेहपुर जिले के ललाैली थाना में बुधवार को एक महिला ने जहरीला पदार्थ खा लिया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। महिला का आरोप है कि उसकी दी गई शिकायत पत्र पर थाना पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई न होने से आहत थी, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया है। पुलिस अधीक्षक ने इस मामले का संज्ञान लिया है।

बिंदकी कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली युवती की शादी ललौली थाना क्षेत्र के एक गांव में हुई थी। शादी के छह साल बाद ससुराल में रहने वाले पड़ोसी युवक प्रदित्य ने उसे अपने झांसे में फंसा लिया और वह उसके साथ कानपुर चली गई। पिछले चार सालों से वह युवक के साथ रह रही थी। महिला का आरोप है कि युवक ने शादी का वादा कर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए, लेकिन अब शादी से इनकार कर दिया।

इस मामले में पीड़ित महिला ने 20 दिन पहले बिंदकी कोतवाली में लिखित शिकायत दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद वह आरोपित युवक के गांव हरियापुर भी गई, जहां उसके साथ अभद्रता की गई। उसने इसकी शिकायत ललौली थाने में भी की, लेकिन वहां भी पुलिस ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। लगातार शिकायत के बावजूद न्याय न मिलने से परेशान होकर युवती ने बुधवार को ललौली थाने के अंदर ही जहरीला पदार्थ खा लिया। जैसे ही उसने यह कदम उठाया, थाने में अफरा-तफरी मच गई। पुलिसकर्मियों ने तुरंत उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। महिला की हालत गंभीर है।

पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि युवती के आरोपों और घटना की गंभीरता को देखते हुए मामले की जांच की जा रही है। जांचोंपरांत आवश्यक विधिक कार्रवाई की जायेगी।