कानपुर: जब नंगे पांव स्कूटी चलाकर महापौर पहुंची नगर निगम, देखने वाले रह गए हतप्रभ
जब नंगे पांव स्कूटी चलाकर महापौर पहुंची नगर निगम, देखने वाले रह गए हतप्रभ

कानपुर, 09 अप्रैल । महानगर की महापौर प्रमिला पांडेय का शनिवार को एक अनोखा अंदाज देखने को मिला। वह एमएलसी चुनाव में मतदान डालने के लिए मोतीझील स्थित नगर निगम मुख्यालय नंगे पैर स्कूटी चलाकर पहुंची। इस दौरान जिसने भी उन्हें देखा वह हतप्रभ हो गया।
दरअसल, विधान परिषद चुनाव के लिए नगर निगम में मतदान केन्द्र बनाया गया था। जहां पर मतदान करने महापौर सरकारी गाड़ी के बजाए स्कूटी चलाकर पहुंची। हैरत की बात यह रही कि उन्होंने पैरों में चप्पल तक नहीं पहनी थी। नंगे पैर स्कूटी चलाकर जैसे ही महापौर नगर निगम गेट पर पहुंची, उन्हें देखकर सुरक्षा कर्मियों के साथ अफसर हैरान हो गए। स्कूटी खड़ी करने के बाद वह नंगे पैर ही नगर निगम मुख्यालय में बने मतदान केन्द्र पहुंची और मतादाधिकार का प्रयोग किया। महापौर का यह नया अंदाज लोगों में खूब चर्चा का विषय रहा।
बता दें कि कानपुर की महापौर प्रमिला पांडेय अक्सर अपने अलग अलग कार्यों को लेकर सुर्खियां बटोरती रहती हैं। पहले भी वह ऐसे ही चर्चाओं में आती रही हैं। कभी रिवाल्वर के साथ तो कभी नगर निगम में राजस्व वसूली को लेकर या आवारा पशुओं को खुद टीम के साथ पकड़वाने के बात रही हो।