उल्टी आने के बाद किशोरी की मौत
उल्टी आने के बाद किशोरी की मौत
मीरजापुर, 07 जुलाई । चील्ह थाना क्षेत्र के विष्णुपट्टी गांव की 14 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
विष्णुपट्टी निवासी विनोद मौर्य की पुत्री श्रेया मौर्य सोमवार रात करीब 10 बजे अचानक उल्टी करने लगी। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चील्ह ले गए, जहां से चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति देखते हुए मंडलीय चिकित्सालय रेफर कर दिया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने किशोरी को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना देर रात पुलिस को मिली। चेतगंज पुलिस चौकी प्रभारी संजय सिंह पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और मौत संदिग्ध प्रतीत होने पर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
चौकी प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। मृतका पुरजागीर स्थित एक विद्यालय में कक्षा आठ की छात्रा थी। उसके पिता महाराष्ट्र में एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं और घटना के समय घर पर नहीं थे।