कारगिल युद्ध में शहीद हुए अरविंद सिंह की प्रतिमा पर बहनों ने बांधी राखी

शहीद अरविंद की दो बहन अमरोहा जनपद में और एक बहन‌ रहती है मुरादाबाद

कारगिल युद्ध में शहीद हुए अरविंद सिंह की प्रतिमा पर बहनों ने बांधी राखी

मुरादाबाद, 8 अगस्त । कारगिल युद्ध में शहीद हुए मुरादाबाद जिले थाना कांठ क्षेत्र निवासी शहीद अरविंद सिंह की तीनों बहनें 25 साल से उनकी प्रतिमा को राखी बांधकर रक्षा बंधन मना रही हैं। हर वर्ष की तरह इस बार भी वह शनिवार को गांव पहुंचीं और भाई की प्रतिमा को राखी बांधकर परंपरा को आगे बढ़ाया।

कांठ क्षेत्र के मिलक आवी हफीजपुर गांव निवासी अरविंद सिंह 1997 में सेना में भर्ती हुए थे। मां चंद्रवती बताती हैं कि उनके बेटे अरविंद सिंह छुट्टी लेकर घर आए थे। दो दिन बाद ही उनके पास फोन आया कि उनकी छुट्टी रद्द कर दी गई है। पाकिस्तान से युद्ध छिड़ गया है। इसके बाद वह वापस चले गए थे। कारगिल युद्ध में पाकिस्तान की ओर से हुई गोलीबारी में 29 जून 1999 को अरविंद सिंह शहीद हो गए थे।

पिता मुख्तार सिंह और भाई धर्मेंद्र सिंह ने वर्ष 2000 में गांव में शहीद अरविंद सिंह की प्रतिमा बनवाई थी। अरविंद सिंह की छोटी वहन सर्वेश जनपद अमरोहा के गजरौला में रहती हैं। दूसरे नंबर की बहन मुरादाबाद के थाना पाकवड़ा के फलैदा और सबसे बड़ी बहन सुदेश अमरोहा में हसनपुर क्षेत्र में देहरी जट गांव में रहती हैं। शहीद अरविंद की मां चंद्रवती बताया कि हर साल की तरह आज रक्षाबंधन पर तीनों बहनें गांव आईं और अपने भाई की प्रतिमा की कलाई पर राखी बांधी।