न्यायिक कार्य के दौरान अधिवक्ताओं का मिला भरपूर सहयोग : न्यायमूर्ति शेखर यादव

न्यायिक कार्य के दौरान अधिवक्ताओं का मिला भरपूर सहयोग : न्यायमूर्ति शेखर यादव

न्यायिक कार्य के दौरान अधिवक्ताओं का मिला भरपूर सहयोग : न्यायमूर्ति शेखर यादव

प्रयागराज, 15 अप्रैल । इलाहाबाद उच्च न्यायालय की फुल कोर्ट फेयरवेल में न्यायमूर्ति शेखर कुमार यादव को भावभीनी विदाई दी गई। मुख्य न्यायाधीश के न्याय कक्ष में आयोजित समारोह में मुख्य न्यायाधीश अरुण भंसाली सहित सभी न्यायमूर्तिगण, न्यायिक अधिकारी व भारी संख्या में अधिवक्ताओं ने हिस्सा लिया।

इससे पहले हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के ऐतिहासिक लाइब्रेरी हाल में भी बुधवार को न्यायमूर्ति यादव का विदाई समारोह आयोजित हुआ। न्यायमूर्ति शेखर कुमार यादव बुधवार को सेवानिवृत्त हो गए। इस मौके पर बार के अध्यक्ष राकेश पाण्डे और महासचिव अखिलेश कुमार शर्मा ने न्यायमूर्ति यादव का माल्यार्पण, पुष्पगुच्छ, स्मृति चिन्ह व अंगवस्त्र भेंटकर कर स्वागत, अभिनन्दन किया और भावभीनी विदाई दी।

इस अवसर पर न्यायमूर्ति शेखर कुमार यादव ने कहा कि बार एसोसिएशन द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में आकर मैं गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं। अपनों के बीच आकर ऐसा कभी नहीं महसूस हुआ कि मैं एक न्यायमूर्ति हूं। न्यायिक कार्य सम्पादित करने के दौरान अधिवक्ताओं का जो सहयोग, मार्गदर्शन और बल मिला वहीं मैंने अपने जीवन में स्नेह पूर्वक अपनाने का कार्य किया। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ दिन पूर्व इसी ऐतिहासिक लाइब्रेरी हाल में मैंने कुछ बोला था और जो बोला था वह गलत नहीं था। मैं दावे के साथ कह सकता हूं कि कुछ लोगों ने मुझे दबाने की कोशिश की थी, लेकिन मैं विचलित नहीं हुआ।

अध्यक्ष राकेश पाण्डे ने कहा कि हाल में उपस्थित अधिवक्ताओं की भीड़ न्यायमूर्ति यादव की लोकप्रियता को दर्शाती है। न्यायमूर्ति सहज, सहृदय और स्पष्टवादी हैं। इस दौर में उच्च पद पर रहते हुए स्पष्टवादी होना निर्भीकता का प्रतीक है।

महासचिव अखिलेश कुमार शर्मा ने कहा कि न्यायमूर्ति शेखर कुमार यादव की जितनी प्रशंसा की जाए, उतना कम है। कहा आज न्यायमूर्ति यादव के यहां से विदाई का क्षण नहीं, बल्कि एक युग के पूर्ण होने का क्षण है। न्यायिक कार्य सम्पादित करने के दौरान न्यायमूर्ति ने बिना किसी भेदभाव के अधिवक्ताओं को एक समान सुनकर निर्णय देने का कार्य किया।

इस मौके पर वरिष्ठ उपाध्यक्ष कमलेश कुमार द्विवेदी, उपाध्यक्ष अमित कुमार सिंह, विवेक मिश्र, राज कुमार त्रिपाठी, हनुमान प्रसाद मिश्र, दिनेश वरूण, बैरिस्टर सिंह, शशि कुमार द्विवेदी, रामेश्वर दत्त पाण्डेय, बिन्दु कुमारी, अंजनी कुमार मिश्र, अंजली सिंह तोमर, कनक कुमार त्रिपाठी, दिवांशु तिवारी, बलदेव शुक्ल, अभिषेक तिवारी, तृप्ति यादव, आरती गुप्ता, अखण्ड प्रताप त्रिपाठी, गया प्रसाद मिश्र, गिरीश चन्द्र शुक्ला, अनिरूद्ध सिंह, अवनीश चन्द्र त्रिपाठी, कृष्ण मोहन पाण्डेय, आदित्य घर द्विवेदी एवं अमित सिंह सेंगर, मृत्युंजय तिवारी, गया प्रसाद सिंह, अनिल पाठक, राय साहब यादव, माया पति पाण्डेय, मनीष द्विवेदी, सौरभ मिश्र, सर्वेश दुबे, रीमा गुप्ता, पुष्कर मिश्र, श्याम मिश्र उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन महासचिव अखिलेश कुमार शर्मा ने किया।