नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर रालोद ने गोष्ठी का किया आयोजन

जयंती पर सपाइयाें ने किया नेता जी काे याद, सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव के जन्मदिन पर काटा केक

नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर रालोद ने गोष्ठी का किया आयोजन

लखनऊ, 23 जनवरी । राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के प्रदेश कार्यालय पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रामाशीष राय की अध्यक्षता में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर उपस्थित पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष के साथ नेताजी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित किए।

कार्यक्रम के अंतर्गत एक गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसका संचालन प्रदेश मीडिया प्रभारी मयंक त्रिवेदी ने किया। तत्पश्चात सभी पदाधिकारियों ने प्रदेश अध्यक्ष रामाशीष राय के नेतृत्व मे परिवर्तन चौक स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किये। गोष्ठी को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रामाशीष राय ने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस केवल एक महान स्वतंत्रता सेनानी ही नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति, त्याग, साहस और बलिदान के जीवंत प्रतीक थे। उन्होंने आज़ाद हिंद फौज की स्थापना कर भारतीय स्वतंत्रता संग्राम को एक नई दिशा और नई ऊर्जा दी। उन्होंने कहा कि “तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आज़ादी दूंगा” केवल एक नारा नहीं, बल्कि देश की आज़ादी के लिए अपना सर्वस्व समर्पित करने का संकल्प था।

डॉ. रामाशीष राय ने आगे कहा कि नेताजी ने देश की आज़ादी के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया और हर परिस्थिति में देशहित को सर्वोपरि रखा। उनका संघर्ष, उनका त्याग और उनका अदम्य साहस आज भी हर भारतीय को देश के लिए कुछ कर गुजरने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि देश को आज़ादी दिलाने में नेताजी का योगदान अविस्मरणीय है और आने वाली पीढ़ियाँ उनके विचारों और आदर्शों से सदैव प्रेरणा लेती रहेंगी।

इस अवसर पर पार्टी के राष्ट्रीय सचिव विजय श्रीवास्तव ने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उनका त्याग, साहस और देशभक्ति आने वाली पीढ़ियों को सदैव राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा। आज आवश्यकता है कि हम उनके विचारों को आत्मसात कर देश को मजबूत बनाने में अपना योगदान दें।

कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष आदित्य विक्रम सिंह, रजनीकांत मिश्रा, प्रदेश महासचिव रमावती तिवारी, प्रीति श्रीवास्तव, चंद्रकांत अवस्थी, राघवेंद्र यादव, प्रदेश सचिव अशोक तिवारी, प्रमोद शुक्ला, क्षेत्रीय नेता पी के पाठक, छात्र सभा के प्रदेश अध्यक्ष अमन पांडे सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।