उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस की राज्यपाल ने प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं
उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस की राज्यपाल ने प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं
लखनऊ, 23 जनवरी। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर समस्त प्रदेशवासियों एवं देशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख, समृद्धि तथा सतत प्रगति की कामना की है।
राज्यपाल ने शुक्रवार को अपने बधाई संदेश में कहा कि गंगा-यमुना की पुण्यधारा से सिंचित, सांस्कृतिक वैभव से समृद्ध एवं ऐतिहासिक गौरव से दीप्त उत्तर प्रदेश, भारत की आत्मा का उज्ज्वल और जीवंत प्रतिबिंब है। यह वही पुण्यभूमि है जहां ऋषि-मुनियों की साधना ने चेतना को दिशा दी, संतों की करुणा ने मानवता को संस्कारित किया, वीरों के शौर्य ने स्वाभिमान को सुदृढ़ किया तथा जन-जन की श्रमशीलता ने राष्ट्र निर्माण की नींव को सशक्त बनाया।
राज्यपाल ने कामना की, कि उत्तर प्रदेश निरंतर प्रगति, नवाचार एवं लोककल्याण के पथ पर अग्रसर रहते हुए देश की उन्नति में अपनी अग्रणी भूमिका निभाता रहे।