उत्तर प्रदेश दिवस : लखनऊ में 24 जनवरी को आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे गृहमंत्री अमित शाह, सुरक्षा के व्यापक इंतजाम

-राष्ट्र प्रेरणा स्थल में “उत्तर प्रदेश दिवस-2026“ का हाे रहा आयोजन-राज्यपाल आनंदी बेन पटेल व मुख्यमंत्री योगी रहेंगे उपस्थित

उत्तर प्रदेश दिवस : लखनऊ में 24 जनवरी को आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे गृहमंत्री अमित शाह, सुरक्षा के व्यापक इंतजाम

लखनऊ, 23 जनवरी । केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह उत्तर प्रदेश दिवस कार्यक्रम में शामिल हाेने के लिए 24 जनवरी (शनिवार) काे लखनऊ आ रहे हैं। गृहमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट ने व्यापक तैयारियां की है।

लखनऊ पुलिस ने शुक्रवार काे जारी विज्ञप्ति में बताया कि ठाकुरगंज क्षेत्रान्तर्गत लखनऊ विकास प्राधिकरण की बसन्तकुंज आवासीय योजना स्थित “राष्ट्र प्रेरणा स्थल“ में “उत्तर प्रदेश दिवस-2026“ का आयोजन प्रस्तावित है। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह प्रतिभाग करेंगे। उनके साथ उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और तमाम मंत्री और कई विशिष्टजनाें समेत लगभग 10 हजार जन सामान्य भी सम्मिलित होगे। वर्तमान परिदृश्य में यह कार्यक्रम सुरक्षा को दृष्टि से अत्यन्त संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण है।

सुरक्षा की दृष्टि से कार्यक्रम स्थल और संवेदनशील क्षेत्रों को 06 सुपर जोन, 09 जोन, 27 सेक्टर में विभाजित किया गया है। फील्ड डिप्लॉयमेंट के अंतर्गत कुल 3035 पुलिसकर्मी, पांच कंपनी पीएसी, एक आरएएफ कंपनी की तैनाती की गई हैं। वरिष्ठ अधिकारियों में छह पुलिस उपायुक्त, 9 अपर पुलिस उपायुक्त, 29 सहायक पुलिस आयुक्त शामिल है। इनके अलावा 101 निरीक्षक, 940 उपनिरीक्षक, 1868 सिपाही की तैनाती की जाएगी। इसके साथ ही साथ 03 बीडीडीएस (बम निरोधक दस्ते), 01 एंटी-माइन टीम, 05 एंटी-सैबोटाज चेक टीमें, 01 एटीएस टीम, 01 एनएसजी (स्नाइपर एवं एंटी-ड्रोन सिस्टम) टीम, वायरलेस यूनिट, 126 होमगार्ड और लोकल इंटेलिजेंस यूनिट (एलआईयू) की टीमें मौजूद रहेंगी।

सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए रूट रिहर्सल, मेडिकल रिस्पांस और भीड़ प्रबंधन के लिए गहन मॉक-ड्रिल संपन्न की गई है। यह भी बताया गया कि पूरे क्षेत्र की चौबीस सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही हैं, जिसका नियंत्रण एक विशेष कंट्रोल रूम से होगा। सोशल मीडिया के माध्यम से पुलिस 24 घण्टे सतर्क दृष्टि रखी जायेगी। आयोजन स्थल तक के मार्गों पर विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है। जनसाधारण की सुविधा के लिए यातायात परामर्श अलग से जारी की जा रही है। लखनऊ पुलिस ने लोगों से अनुरोध है कि वे सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करें और पुलिस द्वारा समय-समय पर जारी किए गए यातायात डायवर्जन का पालन करें।