खाद की किल्लत से जूझ रहा फर्रूखाबाद का आलू किसान
खाद की किल्लत से जूझ रहा फर्रूखाबाद का आलू किसान
फर्रुखाबाद, 24 अक्टूबर । उत्तर प्रदेश में सर्वाधिक आलू पैदा करने वाले जिले का आलू किसान इस समय खाद की किल्लत से जूझ रहा है। खाद न मिलने से उनकी आलू की फसल बुआई में देरी हो रही है। जिला प्रशासन का कहना है कि जिले में प्यार्प्त मात्रा
में खाद उपलब्ध है और नियमानुसार खाद वितरित की जा रही है।
किसानाें के अनुसार खाद के उन्हें भटकना पड़ रहा है। 60 बीघा खेती के मालिक और गांव कमालपुर के किसान नरेन्द्र सिंह ने बताया कि वह एक दाना खाद के लिए भटक रहे हैं। खाद के लिए वह साधन सहकारी समिति जहानगंज के कई चक्कर लगा चुके हैं। उन्हें अभी तक एक दाना खाद नही मिली है। खाद न मिलने से उनकी आलू की फसल की बुआई लेट हो रही है। एक अन्य
किसान गजेंद्र सिंह का कहना है कि एक किसान को एक एकड़ भूमि पर 5 बोरी खाद साधन सहकारी समिति से दी जा रही है, जो कि पांच बीघा जमीन के लिए ना काफी है। उनका कहना है कि खाद की किल्लत से जिले में आलू की बुआई नही हो पा रही है। किसान साधन सहकारी समितियों पर रात दिन डेरा डाले हुए हैं।
इस संबंध में जिला को-आपरेटिव के अध्यक्ष कुलदीप गंगवार का कहना है कि जिले में पर्याप्त मात्रा में खाद है। जो नियमानुसार किसानों को बांटी जा रही है। उन्हाेंने बताया कि किसान एक साथ खाद लेना चाहता है, जबकि नियम है कि एक एकड़ से अधिक भूमि वाले किसानों को पांच बोरी डीएपी खाद दी जाएगी और 15 दिन बाद फिर उन्हें खाद उपलब्ध कराई जाएगी। किसान नियमानुसार ही खाद लें। जिला कृषि अधिकारी बीके सिंह का कहना है कि निजी खाद विक्रेताओं के यहां खाद पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है, किसान वहां से क्रय कर सकते हैं।