सपा की सायकिल 10 मार्च को जनता पंचर कर देगी : अनुप्रिया पटेल
पूरे प्रदेश में अपनादल और भाजपा का गठबंधन लोगों को भाता है : अनुप्रिया पटेल

प्रयागराज, 21 फरवरी । शंकरगढ़ में इतना बड़ा जनसैलाब जो उमड़ा है वह अपना दल-भाजपा-निषाद पार्टी के संयुक्त प्रत्याशी वाचस्पति की जीत पर मुहर मेरे कहने से पहले ही लगा दी है। जनसभा में जब हम लोग पहुंचते हैं तो जनसभा देख परिणाम का पता चल जाता है। प्रदेश में पुनः एक बार फिर एनडीए इतिहास रचने जा रही है। पूरे प्रदेश में अपनादल और भाजपा का गठबंधन लोगों को भाता है, अब तो निषाद पार्टी भी साथ है। पूरे प्रदेश में जिस प्रकार जनता का अपार जनसमर्थन मिल रहा है। आने वाले 10 मार्च को सपा के सायकिल को जनता पंचर कर देगी, यह पूरे भरोसे के साथ कह रही हूं।
यह बातें अपनादल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष व केन्द्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने सोमवार को शंकरगढ़ में अपना दल संयुक्त प्रत्याशी वाचस्पति के समर्थन में आयोजित जनसभा मे उमड़ी भीड़ देखकर तारीफ करते हुए कहा। उन्होंने कहा वाचस्पति की लोकप्रियता के क्या कहने? लम्बा राजनीतिक जीवन, कई चुनाव लड़े, विधायक बने, सामाजिक जीवन में कार्य करने का लम्बा अनुभव है। साफ, सुथरी, ईमानदार छवि है। उन्होंने कहा जनता का यह जनसैलाब आने वाले 27 फरवरी को कप-प्लेट का बटन दबाने वाला है। उन्होंने आगे कहा कि बारा की धरती से अपना दल का पुराना सम्बन्ध है। अपना दल के संस्थापक डॉ. सोनेलाल पटेल को आप लोगों के बीच आकर जगाने का कार्य किया था। आज आप सब उनके विचारों को आगे पहुंचाने का कार्य कर रहे है। कहा कि 2014 से अपनादल और भाजपा का रिश्ता क़ायम है।
अनुप्रिया पटेल ने बारा से अपने पिता के पुराने रिश्ते का हवाला देकर लोगों के दिलों से जुड़ने का प्रयास किया। कहा कि एनडीए सरकार ने निरंतर पांच वर्षों से विकास की नई ऊंचाईयों पर पहुंचाने का कार्य किया है। डबल इंजन की सरकार जब होती है तो जनता के संसाधनों का दुरूपयोग नहीं होता। प्रदेश सरकार ने एक छोर से दूसरे छोर को जोड़ने का कार्य किया है। हर शहर में मेडिकल कॉलेज की स्थापना और सर्वोत्तम स्वास्थ्य चिकित्सा की व्यवस्था किया है। हमारी सरकार ने स्वदेशी वैक्सीन बनाई और दुनिया का सबसे बडा टीकाकरण अभियान चलाया। नौकरियों मे व्याप्त भ्रष्टाचार पर रोक लगाई है। सरकार का धन सीधे लाभार्थियों के खाते में बिना विचौलियों के जा रहा है। किसान सम्मान निधि, आवास, शौचालय, गैस, विजली कनेक्शन आदि सरकार की उपलब्धियां गिनाई। अंत में कहा कि अपना दल को और बड़ी भूमिका दिलाने के लिए कप-प्लेट पर मतदान करके प्रत्याशी वाचस्पति को विजयी बनाकर उत्तर प्रदेश बिधानसभा मे भेजने का कार्य करें।
इसके पूर्व सांसद फूलपुर केसरी देवी पटेल ने मोदी-योगी के निरंतर विकास को गति देने हेतु संयुक्त प्रत्याशी को एतिहासिक मतों से जिताने की अपील किया। सभा को भाजपा के वरिष्ठ नेता विभूति नारायण सिंह, पिछड़ा मोर्चा क्षेत्रीय अध्यक्ष अश्वनी पटेल, डीसीएफ चेयरमैन कौशाम्बी चन्द्र दत्त शुक्ला, जिलाध्यक्ष पिछड़ा मोर्चा सुभाष सिंह पटेल, जिला मीडिया प्रभारी दिलीप कुमार चतुर्वेदी, अपनादल के राष्ट्रीय सचिव राजेश पटेल, रामजी सिंह पटेल, फूल चन्द्र पटेल, जवाहरलाल पटेल, वृजेश पटेल, इन्द्रजीत पटेल आदि ने सभा को सम्बोधित करते हुए सरकार की उपलब्धियां संग प्रत्याशी के समर्थन की बात कही। वहीं प्रत्याशी वाचस्पति ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए समर्थन मांगा और जनता के हितों के लिए अपने को जनता के सेवा और सम्मान हेतु समर्पित होने का संकल्प लिया।