पहलगाम आतंकी हमला : बढ़ रहा आक्रोश, रैली निकाली

पहलगाम आतंकी हमला : बढ़ रहा आक्रोश, रैली निकाली

पहलगाम आतंकी हमला : बढ़ रहा आक्रोश, रैली निकाली

जोधपुर, 25 अप्रैल (हि.स.)। पहलगाम में आतंकी हमले में मारे गए सैलानियों को तीसरे दिन शुक्रवार को भी शहरवासियों ने श्रद्धांजलि दी। शहर के विभिन्न संगठनों, संस्थाओं, कर्मचारी यूनियन आदि ने मृतकों को श्रद्धांजलि दी। इसके साथ ही इस हमले के खिलाफ आक्रोश जताते हुए रैली निकाली।

पहलगाम में आतंकी घटना से देशभर में आक्रोश है। इसको लेकर आज राजस्थान उच्च न्यायालय की ओर से दो मिनट का मौन रखा गया। इसमें राजस्थान हाईकोर्ट के न्यायाधीश, वकील, स्टाफ के सदस्य और न्यायालय उपस्थित अन्य सभी व्यक्तियों ने खड़े होकर दो मिनट का मौन रखकर मृतात्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित की। वहीं अनंत श्री सुखराम ट्रस्ट द्वारा आतंकी हमले को लेकर आक्रोश रैली निकाली गई। आक्रोश रैली पावटा सी रोड से निकाली गई जो कलेक्ट्रेट पहुंची। यहां आतंक के खिलाफ प्रदर्शन किया गया।

वहीं भारत सेवा संस्थान में भी मृत सैलानियों को श्रद्धांजलि दी गई। भारत सेवा फाउण्डेशन के प्रभारी नरपत सिंह कच्छवाहा ने बताया कि कश्मीर के पहलगाम क्षेत्र में हुए आतंकवादियों द्वारा निहत्थे भ्रमणशील परिवार के सामने नाम व जाति पूछकर जो जघन्य अपराध किया, उसके लिए संस्थान प्रांगण में अध्ययनरत विद्यार्थियों एवं संस्थान परिवार ने भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।

स्वाध्याय केंद्र के विद्यार्थियों सहित संस्थान के धीरेन्द्र टाक, दीपक सोलंकी, सोहन पटेल, रामजन्म महतो, कमलेश टाक, पृथ्वीराज उपस्थित थे। इसी तरह आतंकवाद के विरोध में आज जालोरी गेट ईदगाह में दोपहर प्रदर्शन कर मृत सैलानियों को श्रद्धांजलि दी गई। उन्होंने कहा कि पहलगाम हमले जैसी घटनाएं घोर निंदा के लायक है। दोषियों को सख्त से सख्त सजा दी जाएं।