भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए एक राष्ट्र , एक चुनाव जरूरी - अभिलाषा गुप्ता नंदी
- मोदी और योगी सरकार में वैश्विक स्तर पर बदल रही भारत की तस्वीर - दिव्या त्रिपाठी
चित्रकूट,22 अप्रैल (हि.स)।वन नेशन, वन इलेक्शन" को लेकर देशभर में जागरूकता अभियान चल रहा है और इस कड़ी में मंगलवार को भगवान श्रीराम की तपोभूमि चित्रकूट में भाजपा महिला मोर्चा द्वारा आयोजित विचार संगोष्ठी एक ऐतिहासिक पड़ाव सिद्ध हुई। सैकड़ों महिलाओं की भागीदारी से यह आयोजन केवल संवाद नहीं, बल्कि एक जन-जागरण अभियान में बदल गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रही वरिष्ठ भाजपा नेता एवं प्रयागराज की पूर्व महापौर अभिलाषा गुप्ता नंदी ने कहा कि जब-जब देश में कोई बड़ा आंदोलन हुआ है, तब-तब महिलाओं ने अग्रिम पंक्ति में नेतृत्व किया है।पीएम मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के एक राष्ट्र, एक चुनाव जैसे संकल्प को सफल बनाने में भी नारी शक्ति की भूमिका निर्णायक होगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रयागराज की पूर्व महापौर अभिलाषा नंदी गुप्ता ने कहा कि वन नेशन वन इलेक्शन केवल चुनावी सुधार नहीं, बल्कि लोकतंत्र की जड़ों को सशक्त करने का अवसर है। उन्होंने उपस्थित महिलाओं से आग्रह किया कि वे इस संकल्प के लाभों को समझें और समाज में इसके प्रति समर्थन का वातावरण बनाएं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं जगद्गुरु रामभद्राचार्य दिव्यांग राज्य विश्वविद्यालय चित्रकूट की संस्कृत विभागाध्यक्ष डाॅ. प्रमिला मिश्रा ने कहा कि एक साथ चुनावों से संसाधनों की बचत होगी और शासन अधिक स्थिर व प्रभावी बन सकेगा। उन्होंने विशेष रूप से नारी शक्ति का आह्वान करते हुए कहा कि जब महिलाएं लोकतंत्र के हर चरण में भाग लेंगी, तभी यह अभियान सफल होगा। वहीं विशिष्ट अतिथि रहीं भाजपा उत्तर प्रदेश की पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष रंजना उपाध्याय ने भी अपने विचार रखते हुए कहा कि यह संकल्प केंद्र सरकार की दूरदर्शी सोच का परिणाम है, जिसका लाभ जन-जन तक पहुंचेगा और महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी भी बढ़ेगी।
कार्यक्रम संयोजिका भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष दिव्या त्रिपाठी ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस आयोजन की सफलता से इस बात से सिद्ध होती है कि सैकड़ों की संख्या में महिलाओं की उपस्थिति ने इसे जन-जन तक पहुंचा दिया है। उन्होंने कहा कि अब नारी शक्ति केवल विचारों की वाहक नहीं, परिवर्तन की सूत्रधार बन चुकी है। केंद्र की मोदी और यूपी की योगी सरकार में वैश्विक स्तर पर भारत की तस्वीर बदल रही है।
कार्यक्रम में पूर्व सांसद भैरव प्रसाद मिश्र, पूर्व राज्य मंत्री चंद्रिका उपाध्याय, जिला मंत्री राजेश्वरी द्विवेदी , जिला उपाध्यक्ष अंजू वर्मा,नगर अध्यक्ष रवि गुप्ता,राखी चौबे, नीना गुप्ता, साधना सिंह,अर्चना सिंह, पार्वती पांडेय,सुनीता श्रीवास, लक्ष्मी शुक्ला, व्यापार प्रकोष्ठ के संयोजक सरयू केसरवानी,व्यापारी नेता प्रकाश केशरवानी आदि सैकड़ों भाजपाई मौजूद रहे।