छेड़खानी के मामले में न्यायालय के आदेश पर तीन नामजद सहित आठ आरोपितों पर केस दर्ज

छेड़खानी के मामले में न्यायालय के आदेश पर तीन नामजद सहित आठ आरोपितों पर केस दर्ज

छेड़खानी के मामले में न्यायालय के आदेश पर तीन नामजद सहित आठ आरोपितों पर केस दर्ज

मुरादाबाद, 15 जून थाना कटघर पुलिस ने एक महिला के साथ हुई छेड़खानी और मारपीट के मामले में न्यायालय के आदेश पर कार्रवाई करते हुए तीन नामजद आरोपियों सहित आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

थाना कटघर के इंस्पेक्टर संजय कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि थाना क्षेत्र में रहने वाली एक महिला ने न्यायालय में एक परिवाद दायर किया था। इस परिवाद में महिला ने आरोप लगाया था कि 30 मई को उसके पड़ोस में रहने वाले शानिब ने अपने बहनोई यूनुस के साथ मिलकर उसके साथ छेड़खानी की और अश्लील हरकतें कीं। महिला ने बताया कि शानिब का बहनोई यूनुस थाना मूंढापांडे क्षेत्र का निवासी है।

महिला ने आगे बताया कि जब उसने इस घटना की शिकायत स्थानीय पुलिस थाने में करने की कोशिश की, तो आरोपी और भी ज्यादा गुस्सा हो गए। इसके बाद शानिब ने अपनी पत्नी नसरीन, अपने बहनोई यूनुस और चार-पांच अन्य अज्ञात लोगों के साथ मिलकर लाठी-डंडों से उसके घर पर हमला कर दिया।

इंस्पेक्टर संजय कुमार ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर इस मामले में आरोपी शानिब, नसरीन और यूनुस के साथ-साथ पांच अज्ञात आरोपियों के खिलाफ छेड़खानी, मारपीट और अन्य गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस फिलहाल मामले की गहनता से जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।