सावन के तीसरे सोमवार की पूर्व संध्या पर काशी नगरी शिवमय, हर-हर महादेव से गूंजा दरबार
—बारिश में भीगते कांवड़ियों ने की बाबा विश्वनाथ के दरबार में हाजिरी, अर्धनारीश्वर स्वरूप की झांकी का दर्शन
—अर्धनारीश्वर स्वरूप में सजेंगे बाबा विश्वनाथ
तीसरे सोमवार को बाबा का विशेष अर्धनारीश्वर स्वरूप दर्शन के लिए सजेगा। यह झांकी श्रृंगार भोग आरती से पूर्व सुगंधित फूलों से सजाई जाएगी। अर्धनारीश्वर स्वरूप शिव और शक्ति के अद्वैत भाव को दर्शाता है, जिसमें भगवान शंकर ने स्वयं को दो भागों में विभक्त किया था। यह दर्शन भक्तों के लिए विशेष आध्यात्मिक अनुभव प्रदान करता है।
—प्रशासन ने किए विशेष इंतजाम
जिला प्रशासन और मंदिर प्रबंधन द्वारा दर्शनार्थियों की सुविधा के लिए सुरक्षा और दर्शन व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए गए हैं। भीड़ नियंत्रण, पेयजल, खोया-पाया केंद्र, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, चिकित्सकीय सुविधा और एनडीआरएफ की टीमें भी मुस्तैद हैं। मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे मंदिर परिसर में किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जैसे मोबाइल, पेन, घड़ी, पेनड्राइव आदि लेकर न आएं, ताकि दर्शन में व्यवधान न हो।