कायस्थ समाज की एकजुटता का संदेश दे गई भगवान चित्रगुप्त की भव्य शोभायात्रा

कायस्थ समाज की एकजुटता का संदेश दे गई भगवान चित्रगुप्त की भव्य शोभायात्रा

कायस्थ समाज की एकजुटता का संदेश दे गई भगवान चित्रगुप्त की भव्य शोभायात्रा

प्रयागराज, 01 नवंबर 

भगवान चित्रगुप्त की जयंती के अवसर पर रविवार को कायस्थ समाज की ओर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा के माध्यम से समाज ने अपनी एकजुटता का संदेश दिया। इस दौरान वक्ताओं ने स्पष्ट कहा कि कोई भी राजनीतिक दल यह भ्रम न पाले कि कायस्थ समाज बंटा हुआ है। समाज हमेशा एकजुट रहा है और आगे भी अपनी एकता बनाए रखेगा।

भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य प्रवीण कुमार श्रीवास्तव उर्फ झुन्नू भैया ने कहा कि भगवान चित्रगुप्त की शोभायात्रा समाज की एकजुटता का प्रमाण है। इसका उद्देश्य अपनी सामूहिक शक्ति और एकता का प्रदर्शन करना है। किसी भी राजनीतिक दल को यह नहीं समझना चाहिए कि कायस्थ समाज बंटा हुआ है।

शहर पश्चिमी के विधायक सिद्धार्थ नाथ सिंह ने शोभायात्रा में शामिल जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि कायस्थ समाज पहले भी एकजुट था, आज भी एकजुट है और आगे भी एकजुट रहेगा। जहां कायस्थ समाज होगा, वहीं सत्ता की चाबी होगी। कोई भी राजनीतिक दल समाज की एकता को लेकर भ्रम न पाले। भगवान चित्रगुप्त के वंशज हमेशा एकजुट रहे हैं और देश के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। देश की आजादी से लेकर अब तक समाज की अनेक विभूतियों ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इनमें उनके नाना एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री सहित कई महान व्यक्तित्व शामिल हैं।

शोभायात्रा का शुभारंभ केपी कम्युनिटी सेंटर में भगवान चित्रगुप्त की पूजा-अर्चना के साथ हुआ। भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य प्रवीण कुमार श्रीवास्तव ने सबसे पहले रथ पर विराजमान भगवान चित्रगुप्त का पूजन किया। इसके बाद शोभायात्रा महात्मा गांधी मार्ग, मेडिकल कॉलेज चौराहा, हनुमान मंदिर चौराहा और सुभाष चौराहे से होकर गुजरी। निर्धारित मार्ग से वापस लौटकर शोभायात्रा केपी कॉलेज परिसर में संपन्न हुई।

इस दौरान कायस्थ समाज के वरिष्ठ नेता एवं विधायक सिद्धार्थ नाथ सिंह, प्रवीण श्रीवास्तव उर्फ धुन्नू, टीपी सिंह, कुमार नारायण, कुश श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे।