संदिग्ध अवस्था में मृत मिली लापता किशोरी,दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका
संदिग्ध अवस्था में मृत मिली लापता किशोरी,दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका
बहराइच, 16 मई । उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में खैरीघाट थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत मथुरा में मासूम किशोरी का शव शनिवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मिला है। मासूम का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। किशोरी एक दिन से गायब बताई जा रही है। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। गांव के बाहर किशोरी का शव मिलने से ग्रामीण आक्रोशित हो गए।
ग्रामीणों के अनुसार किशोरी के मुंह में कपड़ा भरा हुआ था और शरीर पर कपड़े नहीं थे। शव की हालत दुष्कर्म के बाद हत्या की प्रतीत हो रही थी।
वारदात की सूचना मिलते ही सीओ महसी पवन कुमार व खैरीघाट थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार अतिरिक्त पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुँचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों के अनुसार, एक दिन पूर्व ही बच्ची के गायब होने का प्रार्थना पत्र पुलिस को दिया था जिस पर मुकदमा भी पंजीकृत हुआ था।
थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार ने बताया कि एक बच्ची संदिग्ध अवस्था में मृत मिली है। परिजनों की तहरीर पर मुकदमा पंजीकृत कर पुलिस जांच में जुटी है। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।