मीरजापुर में 22 फ़रवरी को लगेगा मेगा विधिक सहायता शिविर, सरकारी योजनाओं की मिलेंगी जानकारी

मीरजापुर में 22 फ़रवरी को लगेगा मेगा विधिक सहायता शिविर, सरकारी योजनाओं की मिलेंगी जानकारी

मीरजापुर में 22 फ़रवरी को लगेगा मेगा विधिक सहायता शिविर, सरकारी योजनाओं की मिलेंगी जानकारी

मीरजापुर, 05 फ़रवरी। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली के निर्देश तथा उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के कार्यपालक अध्यक्ष/वरिष्ठ न्यायमूर्ति के अनुमोदन के उपरांत आम जनता के विधिक सशक्तिकरण के उद्देश्य से 22 फरवरी को मीरजापुर में मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में आयोजित होगा।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पूर्णकालिक सचिव ने यह जानकारी गुरुवार को दी। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश के विभिन्न विभागों की ओर से संचालित उन जनकल्याणकारी योजनाओं को इस शिविर से जोड़ा जाएगा, जो निर्बल वर्ग, दिव्यांगजन, बच्चे, महिलाएं, निर्धन वर्ग, असंगठित क्षेत्र के श्रमिक तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के हित में संचालित हैं। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की अपेक्षा है कि ऐसे सभी विभाग अपनी लक्षित योजनाओं को चिन्हित कर मेगा शिविर का हिस्सा बनाएं, ताकि पात्र लाभार्थियों को सीधा लाभ मिल सके।

उन्होंने बताया कि द्वितीय चरण में मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर के संचालन व कार्ययोजना का प्रभावी क्रियान्वयन किया जाएगा। इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रदर्शन किया जाएगा और व्यापक स्तर पर उनका प्रचार-प्रसार भी होगा, जिससे अधिक से अधिक लोग योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर सकें। यह मेगा शिविर राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान में आयोजित होगा।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने जनपद के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे शिविर में पहुंचकर सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लें और पात्र होने पर उनका लाभ उठाएं।