यूपी बोर्ड के हाईस्कूल व इण्टर परीक्षा की तैयारियां पूरी : डीआईओएस
--11 संवेदनशील, आठ अतिसंवेदनशील परीक्षा केंद्र --प्रश्न पत्रों को परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा में भेजी जाएगी : पीएन सिंह
प्रयागराज, 05 फरवरी। एशिया की सबसे बड़ी परीक्षा संस्था उप्र माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं 18 फरवरी से शुरू हो रही हैं। बोर्ड परीक्षाएं नकलविहीन और पारदर्शी ढंग से कराए जाने को लेकर यूपी बोर्ड ने खास इंतजाम किए हैं। यूपी बोर्ड ने प्रिंटिंग प्रेस में छपाए गए प्रश्न पत्र और उत्तर पुस्तिकाएं जिलों में भेजी जा रही हैं।
हर जिले में जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) की मौजूदगी में जनपद मुख्यालय पर बनाए गए स्ट्रांग रूम में प्रश्न पत्रों और उत्तर पुस्तिकाओं को रखा जा रहा है। इसके बाद परीक्षा से पहले हर परीक्षा केंद्रों पर इसे कड़ी सुरक्षा में भेजा जाएगा। प्रयागराज जिले में बोर्ड परीक्षा के लिए राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेज में स्ट्रांग रूम बनाया गया है। जीआईसी में डीआईओएस पीएन सिंह अन्य मातहत अधिकारियों एडीआईओएस की मौजूदगी में प्रश्न पत्रों और कापियों को सुरक्षित रखा जा रहा है।
डीआईओएस पी एन सिंह ने बताया कि प्रयागराज जिले में कुल 333 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। बोर्ड परीक्षा के मद्देनजर जिले को आठ जोन 33 सेक्टरों में बांटा गया है। सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। जिले में आठ सचल दल बनाए गए हैं। सचल दलों में कार्मिकों की नियुक्ति भी कर दी गई है। डीआईओएस ने बताया कि डीएम से अनुमति प्राप्त कर प्रश्न पत्रों और कापियों को परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने का कार्य करेंगे। उन्होंने कहा है कि 10 फरवरी से प्रश्न पत्र और उत्तर पुस्तिकाएं जिले के परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच भेजी जाएंगी।
डीआईओएस ने बताया कि प्रयागराज जिले में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में कुल मिलाकर 1,95,912 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित हो रहे हैं। जिले में 11 संवेदनशील और आठ अतिसंवेदनशील परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। उन्होंने बताया कि जिले में यूपी बोर्ड परीक्षा को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। परीक्षा केंद्रों पर प्रश्न पत्रों की रांग ओपनिंग न हो इसको लेकर भी खास इंतजाम किए जा रहे हैं। डीआईओएस स्तर पर केंद्र व्यवस्थापकों के साथ एक बैठक भी हो चुकी है। एक बैठक डीएम की अध्यक्षता में जल्द होनी है। जिसमें यूपी बोर्ड की विस्तृत गाइडलाइन के तहत केंद्र व्यवस्थापकों और मजिस्ट्रेट को ट्रेनिंग दी जाएगी। इसके अलावा डीआईओएस दफ्तर में कंट्रोल रूम बनाया गया है।
डीआईओएस ने बताया कि बोर्ड परीक्षा को लेकर अगर किसी तरह की समस्या है तो 24 घंटे कोई भी फोन पर सम्पर्क कर समाधान प्राप्त कर सकता है। उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर भी प्रश्न पत्र और कॉपियां स्ट्रांग रूम में रखी जाएंगी। प्रश्न पत्र 5 से 7 कवरिंग में है। प्रश्न पत्रों की सुरक्षा को लेकर फूल प्रूफ व्यवस्था की गई है। इसलिए किसी तरह की चूक की कोई सम्भावना नहीं है।
गौरतलब है कि, यूपी बोर्ड की परीक्षा में इस बार पूरे प्रदेश में हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में 52,30,297 परीक्षार्थी सम्मिलित हो रहे हैं। जिसमें हाईस्कूल में 27,50,945 और इंटरमीडिएट में 24,79,352 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। पूरे प्रदेश में यूपी बोर्ड की परीक्षाएं 8033 केंद्रों पर होंगी। यूपी बोर्ड की परीक्षाएं 18 फरवरी से लेकर 12 मार्च तक चलेंगी।