प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व मंच पर प्रभावी भूमिका निभा रहा है : रेखा गुप्ता
प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व मंच पर प्रभावी भूमिका निभा रहा है : रेखा गुप्ता
नई दिल्ली, 03 फ़रवरी । दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल एवं दूरदर्शी नेतृत्व में भारत आज विश्व मंच पर एक प्रभावी भूमिका निभा रहा है।
मुख्यमंत्री ने मंगलवार को सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि आज संसद भवन में आयोजित राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) संसदीय दल की बैठक में भारत-अमेरिका के बीच हुए ऐतिहासिक व्यापार समझौते के लिए प्रधानमंत्री का भव्य अभिनंदन किया गया। यह समझौता दूरदर्शी कूटनीति और भारत की सशक्त अंतरराष्ट्रीय छवि का स्पष्ट प्रमाण है। उन्होंने कहा कि 140 करोड़ भारतीयों के सामर्थ्य को नई अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने तथा भारत को एक आर्थिक महाशक्ति के रूप में स्थापित करने की दिशा में यह एक युगांतकारी पहल सिद्ध होगी।
दिल्ली के लोक निर्माण मंत्री प्रवेश साहिब सिंह सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि भारत-अमेरिका के बीच बनी नई सहमति भारत की वैश्विक भूमिका को और अधिक सशक्त करने वाली है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज विश्व मंच पर भरोसे, स्थिरता और अवसर का केंद्र बन रहा है। इस साझेदारी से युवाओं के लिए रोजगार, तकनीक और नवाचार के नए मार्ग प्रशस्त होंगे।
दिल्ली के समाज कल्याण मंत्री रविंद्र इंद्राज सिंह सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व एवं प्रभावी कूटनीतिक प्रयासों के परिणामस्वरूप भारत–अमेरिका संबंधों में एक महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। उन्होंने कह कि प्रधानमंत्री की अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से हुई वार्ता के बाद भारत पर लागू अतिरिक्त शुल्क को घटाकर 18 फीसद किया गया है। यह निर्णय भारतीय निर्यात को प्रोत्साहन देगा तथा वैश्विक मंच पर भारत की सुदृढ़ होती आर्थिक स्थिति और रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करेगा।